Bihar News: दुष्कर्म-हत्याकांड में बड़ा एक्शन, दो फरार आरोपितों के घर चस्पा हुआ इश्तेहार

Bihar News: दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो मुख्य आरोपितों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ...

दुष्कर्म-हत्याकांड में बड़ा एक्शन- फोटो : reporter

Bihar News: नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र में चर्चित दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो मुख्य आरोपितों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस टीम ने समरैठ गांव पहुंचकर दोनों आरोपितों के घर पर न्यायालय से जारी इश्तेहार चस्पा किया। इस दौरान पुलिस गाजे-बाजे के साथ आरोपितों के घर पहुंची और परिजनों तथा ग्रामीणों की मौजूदगी में न्यायालय से जारी इश्तेहार की जानकारी दी।

रोह थानाध्यक्ष अभिषेक राहुल के मुताबिक यह कार्रवाई रोह थाना कांड संख्या 59/26 में की गई है। पुलिस के अनुसार महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोप में दो मुख्य आरोपित लंबे समय से फरार हैं। फरार आरोपितों में समरैठ निवासी बीजो यादव और अरविंद यादव के नाम बताए गए हैं। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों के आवास पर इश्तेहार का तामिला कराया और उसे सार्वजनिक रूप से घर पर चस्पा किया।

आत्मसमर्पण की चेतावनी, नहीं तो आगे होगी कार्रवाई

इश्तेहार के जरिए फरार आरोपितों को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में यदि दोनों आरोपित न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की यह कार्रवाई फरार आरोपितों पर कानूनी दबाव बढ़ाने और उन्हें अदालत के समक्ष लाने की दिशा में अहम कदम है।

पुलिस के मुताबिक यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान और पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष कुर्की-इश्तेहार अभियान के तहत किया गया है। पुलिस अब फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई भी तेज कर सकती है।

17 फरवरी की घटना से जुड़ा है मामला

यह चर्चित मामला 17 फरवरी की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला था और मामले को लेकर सड़क जाम तथा विरोध-प्रदर्शन की स्थिति भी बनी थी। घटना ने स्थानीय स्तर पर काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो मुख्य आरोपित अभी फरार बताए जा रहे हैं। अब दोनों के घर इश्तेहार चस्पा किए जाने के बाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि फरार आरोपितों पर कानूनी शिकंजा और कसा जा रहा है।

फिलहाल पुलिस की नजर फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी पर है। इश्तेहार के बाद उन्हें निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत के समक्ष पेश होना होगा। ऐसा नहीं होने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय में होने वाली सुनवाई और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होगा।

रिपोर्ट- अमन कुमार