भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दंपत्ति को रौंदा, पत्नी की मौत, पति की हालत नाजुक
नवादा के बजरंग चौक पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर। हादसे में 55 वर्षीय शारदा देवी की मौत, पति कृष्णदेव चौहान गंभीर रूप से घायल। ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार। यूआरएल:
Nawada - नवादा जिले के बजरंग चौक राजगीर फोरलेन पर शनिवार को एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। घटना उस वक्त की है जब 55 वर्षीय शारदा देवी अपने पति कृष्णदेव चौहान के साथ गया से इलाज कराकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रही थीं। सफर के दौरान शारदा अपने पति के कंधे पर हाथ रखकर बातचीत कर रही थीं, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर होगा।
तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर
हिसुआ राजगीर फोरलेन सड़क पर पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। इस टक्कर के बाद शारदा देवी सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, उनके पति कृष्णदेव चौहान लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
परिवार का बुरा हाल, पिता अस्पताल में भर्ती
मृतका शारदा देवी के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पेशे से किसान और पंप बोरिंग का काम करने वाले कृष्णदेव चौहान का बायां पैर इस हादसे में बुरी तरह टूट गया है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नवादा के एक निजी अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने ट्रक को किया जब्त, चालक गिरफ्तार
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना स्थल पर पहुँचकर आरोपी ट्रक को जब्त कर लिया है। साथ ही ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
खूनी चौक बना 'बजरंग चौक', लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि बजरंग चौक पर आए दिन तेज रफ्तार की वजह से सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस फोरलेन पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं ताकि मासूमों की जान न जाए।
नवादा से अमन सिन्हा की रिपोर्ट