Bihar Road Accident: बिहार में रफ्तार का कहर, दो भीषण हादसों में तीन की मौत, कहीं रोलर बना काल तो कहीं डिवाइडर से टकराई कार

Bihar Road Accident: अलग-अलग जगहों पर हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं।

रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: नवादा जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। कादिरगंज और केंदुआ इलाके में हुई दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसों के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

पहली घटना कादिरगंज थाना क्षेत्र के मायाबीघा के पास हुई। बताया जा रहा है कि करीब 55 वर्षीय आशा देवी बाइक से जमुई में श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पर निर्माण कार्य में लगी रोलर मशीन कथित तौर पर खड़ी थी।अचानक बाइक रोलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने सड़क निर्माण कार्य में लगी गाड़ी के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

दूसरा हादसा केंदुआ गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक बोकारो से पटना जा रही एक कार में चार लोग सवार थे। सभी एक महिला की मौत के बाद होने वाले अंतिम कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर के बाद कार सड़क पर पलट गई। हादसे में रूपा कुमारी और लाल बाबू की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव की कोशिश करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

एक ही जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ सड़क निर्माण के दौरान वाहन और मशीनरी की सुरक्षित पार्किंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वाहन के अनियंत्रित होने की वजह की भी जांच जरूरी है।

फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की तफ्तीश में जुटी है। हादसों की असली वजह क्या थी, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस दुर्घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है। दो अलग-अलग हादसों में तीन मौतों के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

रिपोर्ट- अमन कुमार