नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत : ससुराल से एक किमी दूर फंदे से झूलती मिली लाश, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका

नवादा जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की फांसी के फंदे से झूलती लाश बरामद हुई है। मृतका के मायके और ससुराल वालों ने हत्या और आत्महत्या दोनों की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है....

नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत (मृतका की फाइल फोटो)- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के रूपौ थाना क्षेत्र स्थित कसमारा गांव में बुधवार को एक 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मोनू मांझी की 22 वर्षीया पत्नी दौलती कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दौलती की शादी महज चार महीने पहले हिंदू रीति-रिवाज से धूमधाम के साथ संपन्न हुई थी। अचानक हुई इस दुखद घटना से मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया है।


शादी के बाद नहीं थी कोई शिकायत, परिजनों के उड़े होश

जमुई जिले के रहने वाले मृतका के पिता द्वारिक मांझी ने बताया कि शादी के बाद से बेटी या उसके ससुराल की तरफ से किसी तरह के विवाद या शिकायत की बात सामने नहीं आई थी। बुधवार को अचानक जैसे ही उन्हें बेटी की मौत की खबर मिली, पूरे परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। घर की सबसे छोटी बेटी की संदिग्ध मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और रो-रोकर बुरा हाल है।


ससुराल से एक किलोमीटर दूर मिला शव, उठे कई गंभीर सवाल

घटनास्थल की स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों ने बताया कि दौलती का शव उसके ससुराल से करीब एक किलोमीटर दूर पाया गया, जिससे मामला बेहद संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतका के पिता ने आशंका जाहिर की है कि उनकी बेटी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को फंदे से लटकाया गया हो सकता है। हालांकि, उन्होंने आत्महत्या के पहलू से भी इंकार नहीं किया है और कहा है कि असल सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


थानाध्यक्ष अविनाश कुमार पहुंचे मौके पर, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलते ही रूपौ थानाध्यक्ष अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से खुलेगा मौत का राज

थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर संभव बिंदु पर बारीकी से छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतका के परिजनों के बयान और लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


अमन की रिपोर्ट