जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में एक की मौत और एक घायल, 3 आरोपी गिरफ्तार

नवादा जिले में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया। मामले में 15 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 को गिरफ्तार कर लिया है....

जमीन विवाद मे हुए हिंसक झड़प में एक की मौत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दरियापुर गांव में सोमवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।


पुराने जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट, नवादा एसपी ने किया निरीक्षण 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से ही भूमि विवाद चला आ रहा था। सोमवार की सुबह इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए नवादा एसपी अभिनव धीमान ने स्वयं दरियापुर गांव पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और थानाध्यक्ष को नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए।


15 नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, 3 आरोपी गिरफ्तार 

वारिसलीगंज थाने में मृतक के परिजनों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर कांड संख्या 688/26 (दिनांक 28 सितंबर 2026) दर्ज की गई है। इसमें कुल 15 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में त्वरित छापेमारी कर तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी 

एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घट सके।


शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, गांव में पुलिस बल तैनात 

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी बचे 12 नामजद अभियुक्तों को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट