ऑपरेशन मुस्कान की गूंज विदेशों तक: ऑस्ट्रेलिया और सऊदी अरब से भी आया फोन, वारसलीगंज पुलिस ने लौटाए खोए मोबाइल

नवादा जिले में SP अभिनव धीमान के दिशा-निर्देश पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन मुस्कान" की गूंज विदेशों तक पहुंच गई है। पुलिस ने इस अभियान के तहत आस्ट्रेलिया के एक व्यक्ति का खोया मोबाइल बरामद उसे कुरियर किया है....

ऑपरेशन मुस्कान की गूंज विदेशों तक- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव धीमान के दिशा-निर्देश पर चलाया जा रहा "ऑपरेशन मुस्कान" लगातार सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। इस अभियान के तहत वारसलीगंज थाना पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने में एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने कुल 30 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें से सोमवार को थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 27 लोगों को उनके वास्तविक मोबाइल सौंप दिए गए। अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।


थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी की कार्यशैली की चौतरफा सराहना

वारसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी की कुशल कार्यशैली की चर्चा अब न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि पूरे बिहार और देश-विदेश तक फैल गई है। आम जनता की शिकायतों पर त्वरित और तकनीकी अनुसंधान के जरिए कार्रवाई करने की उनकी शैली की हर तरफ सराहना हो रही है। इस अभियान ने आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है।


विदेशों से भी आ रहे फोन, सात समंदर पार तक पहुंचा भरोसा

थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने एक दिलचस्प और बेहद अहम जानकारी साझा करते हुए बताया कि अब उनके पास सिर्फ बिहार या देश के अन्य राज्यों से ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी मोबाइल गुम होने की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से एक व्यक्ति ने अपने खोए मोबाइल के लिए संपर्क किया था, जिसे पुलिस ने न केवल बरामद किया बल्कि कूरियर के माध्यम से ऑस्ट्रेलिया तक भिजवाया। इसी तरह, सीवान के रहने वाले एक व्यक्ति जो फिलहाल सऊदी अरब में कार्यरत हैं, उनके भी खोए हुए मोबाइल को वारसलीगंज पुलिस ने सफलतापूर्वक ट्रैक कर बरामद किया है।


देश के कई बड़े महानगरों से लोग कर रहे संपर्क

बिहार के इस छोटे से थाने की पुलिस से अब दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई जैसे बड़े महानगरों में रहने वाले लोग भी लगातार संपर्क साध रहे हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, आधुनिक तकनीकी अनुसंधान, साइबर सेल के साथ बेहतर समन्वय और पुलिस टीम की लगातार सतर्कता के कारण ही इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल फोन्स को ट्रैक कर पाना संभव हो पा रहा है।


बिहार पुलिस की सकारात्मक छवि की नई मिसाल

वारसलीगंज पुलिस का यह "ऑपरेशन मुस्कान" अब आम जनता के लिए उम्मीद की एक नई किरण बन चुका है। ऑस्ट्रेलिया और सऊदी अरब जैसे देशों से लोगों का नवादा पुलिस पर भरोसा जताना इस बात का गवाह है कि खाकी अपनी जनहितैषी भूमिका को पूरी ईमानदारी से निभा रही है। पुलिस का यह सराहनीय प्रयास खोए हुए सामान को वापस दिलाने के साथ-साथ समाज में पुलिस की एक सकारात्मक और मददगार छवि को भी मजबूत कर रहा है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट