नवादा में पटना स्नातक निर्वाचन: 17 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम, एसडीओ अमित अनुराग ने लिया जायजा

नवाजा जिले में चुनाव को निष्पक्ष संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। एसडीओ खुद मैदान में उतरे हुए और बूथों पर पहुंच मतदाताओं के पहचान पत्र की जांच कर रहे है.....

एसडीओ ने मतदान केन्द्रों का लिया जायजा- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत जारी मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। जिले में बनाए गए कुल 17 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान को पूरी तरह स्वच्छ, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।


एसडीओ अमित अनुराग ने खुद संभाली कमान, बूथों का किया औचक निरीक्षण

इसी कड़ी में नवादा के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अमित अनुराग ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए खुद विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से मतदान केंद्र संख्या 6, 7 और 8 पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जमीनी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मतदान करने पहुँचे मतदाताओं के पहचान पत्रों (ID Cards) की गहनता से जाँच भी की, ताकि किसी भी प्रकार के फर्जी मतदान की आशंका को समाप्त कर सही मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित की जा सके।


मतदाताओं के लिए सुगम माहौल और शांतिपूर्ण मतदान प्राथमिकता

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसडीओ अमित अनुराग ने स्पष्ट किया कि सभी 17 केंद्रों पर विधि-व्यवस्था की कड़ी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य ध्येय मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह से शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुगम बनाना है, जिससे मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।


अमन की रिपोर्ट