धार्मिक पुस्तक जलाए जाने की घटना के बाद शांति समिति की बैठक : दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील, सोशल मीडिया पर कड़ी नजर

नवादा जिले में शांति, आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दोनो समुदाय के लोग प्रतिनिधि मौजूद रहे.....

डीएम के निर्देश पर शांति समिति की हुई बैठक- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में शांति, आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता नवादा सदर एवं रजौली के अनुमंडल पदाधिकारियों ने की। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध प्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया, जहां पूर्व में घटित घटना के बाद उपजी परिस्थितियों तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।


11 सितंबर की घटना को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क 

बैठक के दौरान बताया गया कि बीते 11 सितंबर को नवादा नगर स्थित शोभिया कृषि फार्म के पीछे नेमदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक धार्मिक स्थल पर असामाजिक तत्वों द्वारा एक समुदाय विशेष की धार्मिक पुस्तक जलाए जाने की अत्यंत संवेदनशील घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद से ही सामाजिक वातावरण को बिगड़ने से रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह सतर्क हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी नापाक कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


सोशल मीडिया और अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर 

प्रशासनिक अधिकारियों ने सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित होने वाले भ्रामक, आपत्तिजनक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले संदेशों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है। बैठक में अधिकारियों ने चेतावनी दी कि इंटरनेट या सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक अफवाह अथवा भड़काऊ सामग्री फैलाकर शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


बिना सत्यापन संदेश शेयर न करने और शांति की अपील 

बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों और आम जनता से अपील की गई कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना आधिकारिक सत्यापन के किसी भी भड़काऊ सूचना, वीडियो या संदेश को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। अधिकारियों ने नागरिकों से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असमाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस या स्थानीय प्रशासन को दें। बैठक में शामिल दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को क्षेत्र में शांति बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।


दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई का मिला आश्वासन 

प्रशासन ने आश्वस्त किया कि धार्मिक पुस्तक को नुकसान पहुंचाने वाले दोषियों की पहचान करने और उनके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की वैज्ञानिक एवं तकनीकी स्तर पर गहनता से जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने दोहराया कि जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट