Bihar News: 10 दिनों से बिजली गुल! शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई तो ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पावर हाउस को घेरा

Bihar News: नवादा के हिसुआ में 10 दिनों से बिजली गुल रहने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने पावर हाउस का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक ने अधिकारियों की क्लास भी लगाई

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा - फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार के नवादा में 10 दिनों से बिजली गुल है। जिससे ग्रामीणों का गुस्सा फूटा है। ग्रामीणों ने पावर हाउस को घेर कर जोरदार प्रदर्शन किया है। दरअसल, पूरा मामला नवादा जिले के हिसुआ प्रखंड की हदसा पंचायत के अमढी गांव का है। जहां बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को हिसुआ पावर हाउस का घेराव किया। आरोप है कि पिछले 10 दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों का भारी बवाल 

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं रहने से पीने के पानी और पशुओं के लिए पानी की भारी किल्लत हो गई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नाराज होकर लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक अनील सिंह भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। 

लंबे इंतजार के बाद भी नहीं पहुंचे जेई 

उन्होंने तत्काल जूनियर इंजीनियर को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन लंबे इंतजार के बावजूद जेई मौके पर नहीं पहुंचे। इस पर विधायक ने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने वरीय अधिकारियों से बात कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। बाद में बिजली विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे। 

ग्रामीणों की चेतावनी

विधायक ने उनसे ग्रामीणों के आवेदन की जांच कराई और अमढी गांव का दौरा कर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। फिलहाल प्रशासन हरकत में आया है, लेकिन अब देखना होगा कि ग्रामीणों की समस्या कब तक दूर होती है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट