Bihar News: नवादा जर्जर बिजली तार का कहर, चिंगारी निकलते ही मची भगदड़, टूटकर सड़क पर गिरा तार

Bihar News: बिजली विभाग की लापरवाही और जर्जर तारों की वजह से बड़ा हादसा होते-होते टल गया।...

जर्जर बिजली तार का कहर- फोटो : reporter

Nawada: जिले के हिसुआ में बिजली विभाग की लापरवाही और जर्जर तारों की वजह से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गया-नवादा मुख्य मार्ग पर हिसुआ थाना के पास अचानक बिजली के तार में तेज करंट आने के बाद चिंगारियां निकलने लगीं। देखते ही देखते सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।

लोग अभी हालात को समझ ही रहे थे कि जर्जर बिजली का तार अचानक टूटकर सड़क पर जा गिरा। तार गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो बना रहे लोग भी अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगे। गनीमत रही कि जिस वक्त तार नीचे गिरा, उसकी चपेट में कोई व्यक्ति या वाहन नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने तत्परता दिखाते हुए बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे संभावित दुर्घटना का खतरा टल गया। बिजली कटने के बाद सड़क पर मौजूद लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हिसुआ क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर और नंगे बिजली के तार लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। कई जगह तार काफी नीचे लटक रहे हैं और उनकी स्थिति बेहद खराब है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से समय रहते तारों को बदलने की कार्रवाई नहीं की जा रही है।

लोगों का कहना है कि अगर समय रहते जर्जर तारों को नहीं बदला गया तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है। खासकर मुख्य सड़क और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ऐसे तार किसी बड़े जान-माल के नुकसान का कारण बन सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि हिसुआ थाना और मुख्य मार्ग समेत पूरे इलाके में जर्जर एवं नंगे तारों का तत्काल सर्वे कराया जाए और उन्हें सुरक्षित तारों से बदला जाए। फिलहाल थाना प्रभारी की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन जर्जर तारों का खतरा अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

रिपोर्ट- अमन कुमार