Bihar Road Accident: विश्वकर्मा पूजा पर नई बाइक लाने का सपना रह गया अधूरा, सड़क हादसे में किसान की मौत
Bihar Road Accident: विश्वकर्मा पूजा से पहले नई बाइक घर लाने का सपना देख रहे एक किसान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।
Bihar Road Accident: नवादा के रजौली थाना क्षेत्र में विश्वकर्मा पूजा से पहले नई बाइक घर लाने का सपना देख रहे एक किसान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अमावां मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार जीजा-साले को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जीजा की जान चली गई, जबकि साला गंभीर रूप से जख्मी हो गया। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान अकबरपुर प्रखंड के तरौनी तेयार गांव निवासी राजेंद्र यादव के 24 वर्षीय पुत्र सुचित कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि सुचित अपने साले के साथ रजौली से नई बाइक की बुकिंग कर वापस घर लौट रहा था। उसका अरमान था कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के दिन नई बाइक घर आएगी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
अमावां मोड़ के नजदीक पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुचित को मृत घोषित कर दिया। उसके साले की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सुचित की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता राजेंद्र यादव ने बताया कि उनका बेटा बाइक की बुकिंग कर घर लौट रहा था। परिजनों के मुताबिक सुचित खेती-किसानी कर परिवार का गुजर-बसर करता था। उसके पीछे पत्नी, दो बेटे, एक बेटी और माता-पिता रह गए हैं।
परिवार के मुताबिक बुधवार को ही सुचित की पत्नी ने तीज का व्रत खोला था। घर में त्योहार और नई बाइक को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन शाम होते-होते वही घर मातम में डूब गया।सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह डलवाल पुलिस अधिकारियों के साथ अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक का सुराग तलाश रही है।
रिपोर्ट- अमन कुमार