शिक्षक के साथ हुए लूटकांड का 5 घंटे में खुलासा : दो सगे भाई गिरफ्तार, नकदी, मोबाइल और बाइक बरामद

नवादा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बुजुर्ग शिक्षक के साथ हुए लूटकांड में बड़ा कार्रवाई करते हुए आरोपी दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास लूट की रकम, मोबाइल और बाइक बरामद किया है......

नवादा पुलिस को बड़ी कामयाबी- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग शिक्षक से चाकू की नोक पर हुई लूटपाट की वारदात का पुलिस ने महज़ पांच घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। चंडीनावां गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक वालेश्वर सिंह वारिसलीगंज से बैंक से नकदी निकालकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरकट्टी गांव के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी।


विरोध करने पर चाकू मारकर किया घायल, पीड़ित ने पुलिस को दी सूचना 

वारदात के दौरान जब बुजुर्ग शिक्षक वालेश्वर सिंह ने बदमाशों की हरकत का विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। शिक्षक को चोटिल अवस्था में छोड़कर लुटेरे मौके से नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित शिक्षक ने किसी तरह अपने घर पहुंचकर परिजनों और शाहपुर थाना पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी।


शाहपुर थानाध्यक्ष आशुतोष पांडे की त्वरित कार्रवाई, 5 घंटे में दबोचे गए सगे भाई 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शाहपुर थानाध्यक्ष आशुतोष पांडे ने पीड़ित के बयान पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज की और पुलिस टीम के साथ अनुसंधान शुरू कर दिया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित छापेमारी करते हुए महज पांच घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान काशीचक थाना क्षेत्र के दौलतचक निवासी श्रीकांत सिंह के पुत्र शिवम कुमार और मुरारी सिंह के रूप में हुई है, जो आपस में सगे भाई हैं।


1.05 लाख रुपये नकद, 6 मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त 

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों भाइयों की निशानदेही पर उनके पास से लूटे गए 1,05,200 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। दोनों भाइयों ने मिलकर बुजुर्ग शिक्षक को अकेला पाकर योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया था। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और बरामदगी से स्थानीय ग्रामीणों व व्यवसायियों में सुरक्षा का अहसास बढ़ा है।


आरोपितों का खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास, मोबाइल रिकॉर्ड्स की जांच जारी 

फिलहाल पुलिस जब्त किए गए सभी छह मोबाइल फोनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और तकनीकी रिकॉर्ड्स को खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरफ्तार दोनों भाइयों का पहले से कोई आपराधिक इतिहास रहा है या नहीं तथा वे किसी अन्य आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। दोनों आरोपितों से थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट