Bihar News: वंदे भारत एक्सप्रेस से स्कूटी की टक्कर, दूर-दूर तक बिखरें पुर्जे, नवादा में बड़ा हादसा

वंदे भारत से स्कूट की टक्कर - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के नवादा जिले में रेलवे क्रॉसिंग पर लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। नवादा-तिलैया रेलखंड पर स्थित सूर्य मंदिर रेलवे क्रॉसिंग (एलसी गेट संख्या 34/ए) के पास वाराणसी-देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22500 डाउन) से एक स्कूटी टकरा गई। इस हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि चालक की जान बाल-बाल बच गई।

वंदे भारत से स्कूटी में टक्कर 

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूटी चालक अवैध तरीके से रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस को देख वह घबरा गया और अपनी स्कूटी ट्रैक पर ही छोड़कर हट गया। कुछ ही क्षणों में ट्रेन स्कूटी से टकरा गई और उसे बुरी तरह चकनाचूर कर दिया।

स्कूटी के पुर्जे बिखरें 

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के पुर्जे दूर-दूर तक बिखर गए। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में अक्सर लोग शॉर्टकट के लिए अनधिकृत तरीके से रेलवे ट्रैक पार करते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वंदे भारत जैसी हाई-स्पीड ट्रेनों की ब्रेकिंग दूरी काफी लंबी होती है। ऐसे में अचानक ट्रैक पर आए किसी भी वाहन या व्यक्ति को बचाना ट्रेन चालक के लिए मुश्किल हो जाता है। गनीमत रही कि चालक समय रहते ट्रैक से हट गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जांच में जुटी पुलिस 

घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस (आरपीएफ/जीआरपी) मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त स्कूटी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार स्कूटी चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इलाके में अवैध क्रॉसिंग की समस्या क्यों बनी हुई है।