पटवन विवाद ! आहर में डूबे किशोर की मौत,पानी को लेकर दो गांवों में मारपीट के बाद तनाव
आरोप है कि नाद गांव के कुछ लोगों ने पुल की ईंटें हटानी शुरू कर दीं। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
Bihar News: नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में खेत पटवन के पानी को लेकर हुए विवाद के बाद एक किशोर की आहर में डूबने से मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को बढ़ी बीघा और नाद गांव के बीच हुई। मृतक की पहचान बढ़ी बीघा निवासी रामविलास यादव के करीब 16 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने आहर का जलस्तर घटाकर किशोर को बाहर निकाला और सिरदला पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. अजय चौधरी ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दलजीत सिंह आहर से खेतों की सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जा रहा था। पानी वितरण का समय पहले से तय था। इसी दौरान दोनों गांवों के लोग आहर के पास जमा हो गए। आरोप है कि नाद गांव के कुछ लोगों ने पुल की ईंटें हटानी शुरू कर दीं। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में बढ़ी बीघा निवासी शिवकुमार यादव घायल हो गए, जिनका इलाज पीएचसी में किया गया।
इसी बीच, प्रिंस शौच के लिए आहर की ओर गया था। कुछ देर बाद उसके डूबने की सूचना मिली। ग्रामीणों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से आहर का पानी काटकर जलस्तर कम किया गया, जिसके बाद प्रिंस के शव को बाहर निकाला जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चलंत फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। रजौली डीएसपी मोहम्मद शाहनवाज अख्तर ने पीएचसी पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। इस मामले में नाद गांव के दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। दोनों गांवों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी कर रही है और मामले की जांच जारी है।
अमन की रिपोर्ट