Bihar News : नवादा में साइबर ठग गिरोह पर पुलिस ने कसा शिकंजा, लोन के नाम पर ठगी करने वाली महिला समेत दो को किया गिरफ्तार

Bihar News : नवादा में साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक महिला समेत दो कथित साइबर अपराधियों को धर दबोचा है।

साइबर अपराधियों पर शिकंजा - फोटो : AMAN

NAWADA : जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में वारिसलीगंज पुलिस ने एसपी अभिनव धीमान के निर्देश और देखरेख में कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 20 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद साइबर ठगी में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि साइबर ठगी में संलिप्त एक युवक वारिसलीगंज बाजार में घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद एसपी अभिनव धीमान को इसकी जानकारी दी गई। एसपी के निर्देश पर वारिसलीगंज थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने वारिसलीगंज बाजार स्थित सब्जी बाजार मोड़ के पास तथा थाना क्षेत्र के कुंभी गांव में छापेमारी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के ससवहना, वर्तमान स्टेशन रोड निवासी अशोक कुमार की 30 वर्षीय पत्नी मुन्नी कुमारी तथा कुंभी गांव निवासी गुलशन सिंह के 19 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों कथित साइबर अपराधी प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, बजाज फाइनेंस और रिलायंस फाइनेंस सहित विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने का काम करते थे।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 634/26 दर्ज किया गया है। पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, एसआई सुशील कुमार, एसआई रमेश कुमार, पीएसआई मनोज कुमार राय, एएसआई पप्पू कुमार और एएसआई मंजर धुनिया सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट