प्रेमी युगल की शादी को लेकर हंगामा : भिड़े दोनों पक्षों के परिजन, पुलिस को करनी पड़ी दखलअंदाजी
Nawada : जिले के गोविंदपुर अस्पताल परिसर के समीप रविवार को एक प्रेमी युगल की शादी को लेकर दोनों पक्षों के परिजनों के बीच जमकर विवाद और नोकझोंक हुई। जैसे ही लड़के पक्ष के परिजनों को इस बात की भनक लगी कि उन्होंने शादी कर ली है, वे तुरंत मौके पर पहुंच गए और इस रिश्ते का कड़ा विरोध करने लगे। इस हंगामे के दौरान मौके पर आसपास के लोगों की भी भारी भीड़ जमा हो गई।
हिसुआ के युवक और झारखंड की युवती के बीच चल रहा था प्रेम प्रसंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिसुआ थाना क्षेत्र के बभनौर गांव निवासी मुकेश कुमार और झारखंड के सतगावां थाना क्षेत्र के नंदूडीह गांव निवासी सलोनी कुमारी के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों आपस में विवाह करना चाहते थे। इसी सिलसिले में रविवार को दोनों ने पहले झारखंड स्थित एक मंदिर में सगाई की रस्म पूरी की और उसके बाद सीधे गोविंदपुर पहुंचे थे।
डायल-112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की पूछताछ, आधार कार्ड से हुई उम्र की पुष्टि
जैसे ही दोनों के गोविंदपुर पहुंचने की खबर लड़के पक्ष को मिली, वे अस्पताल के पास पहुंच गए और शादी का विरोध करते हुए विवाद बढ़ाने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख किसी स्थानीय व्यक्ति ने तुरंत डायल-112 पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर प्रेमी युगल से पूछताछ की और उनके दस्तावेजों की जांच की। पुलिस ने दोनों के आधार कार्ड की मदद से उनकी उम्र की कानूनी वैधता की पुष्टि की।
बालिग पाए जाने पर पुलिस ने दी जाने की अनुमति
जांच के दौरान जब युवक और युवती दोनों बालिग पाए गए, तो पुलिस ने किसी भी तरह की जबरदस्ती न करते हुए दोनों को अपने स्वेच्छा से जाने की अनुमति दे दी। पुलिस के वहां से रवाना होने के बाद युवक अपनी बाइक पर युवती को बैठाकर उसके घर की तरफ निकल गया। अस्पताल परिसर के पास हुई इस हाई-वोल्टेज ड्रामेबाजी और पारिवारिक विवाद की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी रही।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट