नवादा जेल में कैदी की संदिग्ध मौत से हड़कंप: हत्या या आत्महत्या के बीच उलझा मामला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

नवादा जिले के मंडल कारा में एक 20 वर्षीय कैदी की संदिग्ध मौत होने से हड़कंप मचा हुआ है। कैदी की मौत को लेकर सुसाइड और हत्या दोनो की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.....

नवादा जेल में कैदी की संदिग्ध मौत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिला स्थित मंडल कारा में एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना के तुरंत बाद जेल प्रशासन द्वारा आनन-फानन में कैदी को नवादा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ही जेल परिसर और आसपास के इलाके में भारी तनाव का माहौल है।


मृतक की पहचान घनश्याम के रूप में हुई; मौत की वजहों को लेकर बना सस्पेंस

मृतक कैदी की पहचान 20 वर्षीय घनश्याम कुमार उर्फ दुलारचंद के रूप में की गई है। कैदी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी तक रहस्य बना हुआ है। शुरुआती आंशका जताई जा रही है कि कैदी ने जेल के भीतर फांसी लगाकर खुदकुशी की है, वहीं दूसरी तरफ उसकी हत्या किए जाने की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस और फोरेंसिक टीमें मामले की हर कोण से जांच कर रही हैं।


जेल प्रशासन की चुप्पी से गहराया शक; आधिकारिक बयान का इंतजार

घटना के इतने घंटों बीत जाने के बाद भी जेल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों की इस चुप्पी ने परिजनों और आम लोगों के मन में कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।


नवादा मंडल कारा की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल; आंतरिक व्यवस्था कटघरे में

कैदी घनश्याम की संदिग्ध मौत के बाद नवादा मंडल कारा एक बार फिर गलत वजहों से सुर्खियों में आ गया है। इस दर्दनाक घटना ने जेल की अंदरूनी सुरक्षा, कैदियों की निगरानी और बैरकों की व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जेल के भीतर सुरक्षा चाक-चौबंद होती, तो इतनी बड़ी घटना को समय रहते टाला जा सकता था।


पुलिस ने शुरू की गहन जांच; शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जेल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट