Bihar News: 10 दिन से जला ट्रांसफार्मर, अंधेरे में गांव, भड़के ग्रामीणों ने सड़क किया जाम

Bihar News: पिछले 10 दिनों से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने से ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया।...

अंधेरे में गांव- फोटो : reporter

Bihar News: नवादा गोविंदपुर प्रखंड के दर्शन गांव में पिछले 10 दिनों से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने से ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को दर्शन गांव के समीप गोविंदपुर-बरेव मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर जमकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। सड़क जाम होते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब आधे घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

मामला गोविंदपुर पंचायत के दर्शन गांव स्थित वार्ड नंबर 11 का है। ग्रामीणों के मुताबिक करीब दस दिन पहले ट्रांसफार्मर जल गया था। इसकी सूचना बिजली विभाग को आवेदन देकर दी गई, लेकिन इसके बावजूद अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। लगातार बिजली गुल रहने से ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप रहने से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को हो रही है। उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं बिजली के अभाव में पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित है और लोगों को घरेलू कामकाज निपटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।भीषण गर्मी के बीच दस दिनों से बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती गई। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत और आवेदन देने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।

सड़क जाम की सूचना के बाद संबंधित अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों से बातचीत की गई। विभाग द्वारा जल्द नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद गोविंदपुर-बरेव मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।

हालांकि ग्रामीणों ने विभाग को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। ग्रामीणों ने साफ कहा कि अगर तय समय के भीतर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे दोबारा सड़क पर उतरेंगे और मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार आंदोलन करेंगे।ग्रामीणों की मांग है कि बिजली विभाग बिना किसी और देरी के नया ट्रांसफार्मर लगाए, ताकि दस दिनों से जारी बिजली संकट खत्म हो और गांव के लोगों को राहत मिल सके।

रिपोर्ट- अमन कुमार