Bihar News: हिसुआ गोलीकांड के बाद सांसद विवेक ठाकुर का बड़ा हमला, बोले- माहौल बिगाड़ने वालों पर हो मुकद्दमा
Bihar News:गोलीकांड के बाद जिले में बने तनावपूर्ण माहौल को लेकर नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने सियासी हमला बोला है।
Bihar News: नवादा में हिसुआ गोलीकांड के बाद जिले में बने तनावपूर्ण माहौल को लेकर नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने सियासी हमला बोला है। उन्होंने 1 सितंबर को प्रणव उर्फ पीयूष की गोली मारकर हत्या और चंदन व अखिलेश के जख्मी होने की घटना को दुखद बताते हुए कहा कि वारदात के बाद जिस तरह माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, वह भी गंभीर चिंता का विषय है। सांसद ने प्रशासन से बाहर से आकर जिले का माहौल खराब करने वालों और सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान देने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विवेक ठाकुर ने कहा कि समाज एक गुलदस्ते की तरह है, जिसमें विभिन्न वर्ग एक-दूसरे के पूरक हैं। एक-दो लोगों की करतूत के आधार पर पूरे समाज को कठघरे में खड़ा करना मुनासिब नहीं है। उन्होंने कहा कि नवादा विकास और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन कुछ लोग विनाशकारी सियासत के जरिए इस माहौल में खलल डालना चाहते हैं।
सांसद ने बताया कि घटना के वक्त वह संसदीय स्थायी समिति की बैठक के सिलसिले में बाहर थे, लेकिन प्रशासन के संपर्क में लगातार बने रहे। एसपी से बातचीत की गई और आईजी स्तर से एसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को न्यायालय में पेश किया। उन्होंने कहा कि एसआईटी की जांच महज गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हत्या के कारण और पूरी साजिश की तह तक जाना जरूरी है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह और आपत्तिजनक बयानबाजी करने वालों पर भी शिकंजा कसने की मांग की। स्थानीय नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि 80-90 के दशक वाली सियासत से अब नवादा का माहौल नहीं बिगाड़ा जा सकता। उनका कहना था, “राजनीति शोर से नहीं, सोच से होती है।”
सांसद ने युवाओं से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोग चले जाएंगे, लेकिन नवादा के लोगों को यहीं मिल-जुलकर रहना है। उन्होंने दो टूक कहा कि नवादा की एकता नहीं टूटने दी जाएगी, विकास की रफ्तार थमेगी नहीं और विनाश की राजनीति को जगह नहीं मिलेगी।
रिपोर्ट-अमन कुमार