नवादा में ट्रेन से कटकर युवक की दर्दनाक मौत, बहन से राखी बंधवाने जाने के दौरान हुआ हादसा

ट्रेन से कटकर युवक की दर्दनाक मौत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले से रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना वारिसलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघीबरडीहा रेलवे स्टेशन के पास घटित हुई। मृतक की पहचान वारिसलीगंज के मय गांव निवासी स्वर्गीय प्रदीप सिंह के पुत्र पप्पू सिंह के रूप में हुई है।


बहन से राखी बंधवाने जाने के दौरान हुआ हादसा 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पप्पू सिंह रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर अपनी बहन के घर राखी बंधवाने के लिए निकले थे। बाघीबरडीहा रेलवे स्टेशन की ओर जाने के लिए वे रेल पटरी के किनारे-किनारे पैदल गुजर रहे थे, तभी अचानक सामने से आई तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।


कमाने वाले इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार 

मृतक पप्पू सिंह अपने घर का इकलौता कमाने वाला सहारा था, जिस पर पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी थी। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में त्यौहार की खुशियां मातम में बदल गईं। रक्षाबंधन के दिन ही भाई की मौत से बहन और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।


घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

हादसे के बाद आसपास के स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही वारिसलीगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया।


पुलिस कर रही मामले की जांच 

मामले की जानकारी देते हुए वारिसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने बताया कि युवक अपनी बहन के घर राखी बंधवाने जा रहा था, इसी दौरान रेल पटरी के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी बिंदुओं की जांच करते हुए आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट