मोबाइल को लेकर हुए विवाद में युवक को मारा चाकू, गंभीर हालत में चल रहा इलाज
नवादा जिले में मोबाइल को लेकर हुए विवाद में एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना में गंभीर रुप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....
Nawada : जिले मोबाइल को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में गंभीर रुप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना जिले के रजौली थाना क्षेत्र स्थित धनार्जय नदी के पुराने पुल के समीप की है। घायल युवक की पहचान स्थानीय सतीस्थान निवासी डोमी रविदास के पुत्र अवधेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मोबाइल वापस करने के एवज में की जा रही थी पैसों की मांग, बातचीत के दौरान बढ़ा विवाद
घटना के संबंध में बताया गया कि गुलशन कुमार का मोबाइल लाइब्रेरी से लौटने के क्रम में छीन लिया गया था। आरोप है कि उस चोरी हुए मोबाइल को वापस लौटाने के एवज में सूरज कुमार द्वारा लगातार रुपयों की मांग की जा रही थी। इसी सिलसिले में गुलशन कुमार अपने साथी अवधेश कुमार और इंद्रजीत कुमार के साथ मोबाइल लेने के लिए धनार्जय नदी के पुराने पुल के पास पहुंचा था। वहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान अचानक विवाद गहरा गया और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई।
आरोपी सूरज कुमार ने चाकू से किया हमला, घटना को अंजाम देकर मौके से हुआ फरार
विवाद बढ़ने के दौरान आरोप है कि सूरज कुमार ने अचानक चाकू निकालकर अवधेश कुमार की पसलियों पर जोरदार हमला कर दिया। चाकू लगने से अवधेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी मौका पाकर वहां से फरार हो गया। लहूलुहान हालत में साथियों ने घायल युवक को तत्काल रजौली अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. सतीश चंद्र सिन्हा ने उसकी प्राथमिक चिकित्सा की। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार फिलहाल घायल की स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सब-इंस्पेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी, आरोपी की तलाश जारी
वारदात की सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर सचिन कुमार और पीटीसी उपेंद्र कुमार तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायल तथा उसके साथियों से पूरी घटना की जानकारी ली। रजौली थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने इस मामले में बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस फिलहाल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट