Earthquake News: तड़के सुबह यहां आया भूकंप, अचानक झटके से घरों से भागे लोग, प्रशासन का अलर्ट

Earthquake News: भूकंप के तेज झटके से पूरा इलाका दहल गया। अचानक आए तेज झटके से लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि तड़के सुबह 1:25 बजे धरती डोली है।

भूकंप के झटके से दहशत - फोटो : social media

Earthquake News: जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी डोडा जिले में रविवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि भूकंप देर रात 1:25 बजे आया। इसका केंद्र धरती की सतह से करीब पांच किलोमीटर नीचे था, जिससे झटके अपेक्षाकृत अधिक महसूस किए गए। जैसे ही झटके महसूस हुए, कई स्थानीय लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।

सुबह सुबह डोली धरती 

भूकंप का केंद्र डोडा जिले में 33.08 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.17 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। कम गहराई के कारण डोडा घाटी और आसपास के पहाड़ी इलाकों में कंपन स्पष्ट रूप से महसूस किया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक यह क्षेत्र इंडो-यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट सीमा के करीब स्थित है, जहां भूगर्भीय गतिविधियां लगातार सक्रिय रहती हैं। इसी वजह से जम्मू-कश्मीर में समय-समय पर हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं।

प्रशासन का अलर्ट 

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और संभावित आफ्टरशॉक्स को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। पहाड़ी और भूस्खलन संभावित इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। राहत टीमों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया है और स्थिति सामान्य बताई है। हालांकि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की भूकंपीय संवेदनशीलता की याद दिला दी है।