पटना में JEE Mains की तैयारी कर रहे छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर की खुदकुशी, मचा हड़कंप
राजधानी पटना के कंकड़बाग इलाके से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां इंजिनियरिंग की तेैयारी कर रहे एक 18 वर्षीय छात्र ने पंखे से लटकर सुसाइड कर लिया है। घटना के बाद इलाके मे हड़कंप मचा हुआ है, पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....
Patna : राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां JEE Mains की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय छात्र ने हॉस्टल के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक छात्र की पहचान वैशाली जिले के महुआ निवासी सत्यम उर्फ उत्कर्ष कुमार के रूप में हुई है। वह पटना में रहकर कोचिंग संस्थान से इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके और हॉस्टल में हड़कंप मच गया।
कमरे का दरवाजा न खुलने पर हुई आशंका
बताया जा रहा है कि सत्यम कंकड़बाग स्थित एक प्राइवेट हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला और परिजनों या दोस्तों की आवाज पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़े जाने पर सत्यम का शव पंखे से झूलता पाया गया। सूचना मिलते ही कंकड़बाग थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
फॉरेंसिक टीम बुलाई गई, साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने कमरे से वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं, ताकि आत्महत्या के कारणों का सटीक पता लगाया जा सके। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि छात्र ने यह आत्मघाती कदम पढ़ाई के तनाव में उठाया या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी वैशाली में रह रहे छात्र के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
कंकड़बाग थाना पुलिस हॉस्टल के अन्य छात्रों और प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। पुलिस छात्र के मोबाइल फोन और कमरे की भी तलाशी ले रही है ताकि कोई सुसाइड नोट या सुराग हाथ लग सके। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
अनिल की रिपोर्ट