Bihar Politics: 'इतिहास बन चुके हैं सीएम नीतीश', राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह का दावा, दो तिहाई बहुमत से बनेगी महागठबंधन की सरकार
Bihar Politics: कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि सीएम नीतीश इतिहास बन गए हैं और बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज है। पक्ष-विपक्ष एक दूसरे को मात देने के दावे कर रहे हैं। महागठबंधन का दावा है कि इस बार बिहार में बदलाव होगा और महागठबंधन की सरकार बनेगी। तो वहीं एनडीए का दावा है कि एक बार फिर बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में दो तिहाई बहुमत से महागठबंधन की सरकार बनेगी।
इतिहास बन चुके हैं सीएम नीतीश
दरअसल, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य अखिलेश सिंह ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा का असर साफ दिख रहा है और इसके चलते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब “इतिहास बन चुके हैं।” सिंह ने दावा किया कि आने वाले चुनाव में महागठबंधन दो-तिहाई बहुमत के साथ बिहार में सरकार बनाएगा।
पीएम मोदी की माँ को गाली देने वाले पर प्रतिक्रिया
दरभंगा में यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री की मां को गाली दिए जाने के सवाल पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी। अखिलेश सिंह ने कहा कि, किसने गाली दी है? जो व्यक्ति बकरी के बलात्कार केस में जेल जा चुका है और पंचर बनाता है, वह पागल व्यक्ति है। अगर कोई कार्यक्रम खत्म होने के बाद कुछ बोलता है तो क्या वह राष्ट्रीय जनता दल या कांग्रेस का कार्यकर्ता या नेता हो जाता है?
जिला प्रशासन खड़ा करता है बखेड़ा
उन्होंने आगे कहा कि आज रात से ही बड़ी संख्या में लोग पटना के गांधी मैदान पहुंचना शुरू कर देंगे और कल राहुल गांधी उन्हीं लोगों के साथ मार्च करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा यह कहे जाने पर कि राहुल गांधी के रात में ठहरने की अनुमति नहीं मांगी गई थी, अखिलेश सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हमेशा बखेड़ा खड़ा करता रहता है।
पटना से अभिजीत की रिपोर्ट