Anant Singh: अनंत सिंह की बेटी के तिलक में उमड़ी ऐसी भीड़ कि कम पड़ गया खाना! 33 स्टॉल खाली, पूड़ी-पापड़ के लिए मची अफरातफरी

Anant Singh: मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी के तिलक समारोह में मेहमानों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि खाने-पीने की पूरी व्यवस्था कम पड़ गई। ...

तिलक में उमड़ी ऐसी भीड़ कि कम पड़ गया खाना!- फोटो : reporter

Anant Singh: मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी के तिलक समारोह में मेहमानों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि खाने-पीने की पूरी व्यवस्था कम पड़ गई। दानापुर के एक आलीशान रिसॉर्ट में आयोजित इस भव्य समारोह में 33 फूड स्टॉल लगाए गए थे, लेकिन मेहमानों की तादाद उम्मीद से कहीं ज्यादा हो गई। नतीजा यह हुआ कि कई स्टॉल पर खाना खत्म हो गया और कुछ लोगों को बिना भोजन किए ही वापस लौटना पड़ा। समारोह के बाद खाने की किल्लत और खाली स्टॉल के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, शिवांगी का तिलक समारोह 20 नवंबर को आयोजित किया गया था। इस खास मौके पर रिसॉर्ट को बेहद खूबसूरत अंदाज में सजाया गया था। मेहमानों के स्वागत से लेकर खानपान तक के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। खाने के लिए 33 अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, लेकिन भारी भीड़ के सामने सारी तैयारियां नाकाफी साबित हुईं।

खाने की कमी के बीच पूड़ी और पापड़ के लिए लोगों के बीच होड़ मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई स्टॉल खाली नजर आ रहे हैं। कुछ लोग यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि खाना खत्म हो चुका है। इस अव्यवस्था को लेकर समारोह की काफी चर्चा हो रही है।

इस समारोह में अनंत सिंह अपनी बेटी के होने वाले पति ऋषिकेश कुमार को लग्जरी डिफेंडर कार देने के लिए भी पहुंचे थे। सजी-धजी यह महंगी गाड़ी मेहमानों के आकर्षण का बड़ा केंद्र रही। वहीं, तिलक की रस्म के लिए नदावां गांव से शिवांगी के परिजन और रिश्तेदार पटना पहुंचे थे। लड़की पक्ष ने दूल्हे के घर जाकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक चढ़ाया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समारोह के लिए करीब 1000 किलो घी के लड्डू और बड़ी मात्रा में दूसरी मिठाइयां तैयार कराई गई थीं। तिलक कार्यक्रम में 400 से अधिक गाड़ियों का काफिला पहुंचने की भी खबर है।

अब परिवार की निगाहें 25 नवंबर को होने वाली शादी पर टिकी हैं। शिवांगी की शादी अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में होगी। परिवार और रिश्तेदारों में विवाह को लेकर खासा उत्साह है।