Bihar Job: बिहार में 24 नवंबर को रोजगार मेला, 3500 युवाओं को नौकरी का मौका, जानें पूरी प्रक्रिया
Bihar Job: बिहार के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए अच्छी खबर है।...
Bihar Job: बिहार के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए अच्छी खबर है। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को रोजगार से जोड़ने के मकसद से 24 नवंबर 2026 को सीतामढ़ी जिले में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला लगाया जाएगा। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण (नियोजन), बिहार, पटना के निर्देश पर जिला नियोजनालय की ओर से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेला डुमरा के शांतिनगर स्थित संयुक्त श्रम भवन परिसर के मैदान में आयोजित होगा।
इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 20 कंपनियां और नियोजक शिरकत करेंगे। इनके जरिए अलग-अलग पदों पर कुल 3500 रिक्तियों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। जिला नियोजनालय के कोऑर्डिनेटर अमन कुमार ने बताया कि कंपनियां अपनी जरूरत और निर्धारित योग्यता के आधार पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगी। चयनित उम्मीदवारों को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। साथ ही युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, दिलचस्पी और मौजूदा बाजार की मांग के मुताबिक करियर चुनने में भी मदद दी जाएगी।
मेले में शामिल होने के लिए इच्छुक आवेदकों का विभागीय पोर्टल https://detjob.bihar.gov.in/registration पर ऑनलाइन निबंधन कराना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण के चयन प्रक्रिया में शामिल होने में परेशानी हो सकती है। निबंधन के बाद अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और पहचान पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज लेकर निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी मुकुंद माधव और उनकी टीम मेले की तैयारियों में जुटी है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के जरिए प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है। प्रशासन का मकसद अधिकाधिक युवाओं तक इस पहल की जानकारी पहुंचाना है। सीतामढ़ी के युवाओं के लिए यह मेला अपने जिले में नौकरी पाने, हुनर निखारने और भविष्य की बेहतर राह चुनने का सुनहरा अवसर बन सकता है।