Anil Agarwal Chhath Puja: लंदन में छठ मनाकर भावुक हुए अनिल अग्रवाल, बोले- 'लगा ही नहीं कि बिहार से इतनी दूर हूं'

Anil Agarwal Chhath Puja: वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने लंदन में बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के लोगों के साथ छठ पूजा की। छठ के गीत सुनकर उन्हें पटना और अपनी जन्मभूमि की याद आ गई।

Anil Agarwal Chhath Puja: बिहार की राजधानी पटना से निकलकर दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल लंदन में छठ महापर्व मनाकर भावुक हो गए। उन्होंने बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के लोगों के साथ पूरे विधि-विधान से छठ पूजा की। इस दौरान जब छठ के पारंपरिक गीत गूंजे और छठी मइया के जयकारे लगे, तो उन्हें अपनी जन्मभूमि पटना की याद आ गई। अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर पूजा की तस्वीरें साझा कर अपना अनुभव बताया।


छठ के गीतों ने दिलाई बिहार की याद


अनिल अग्रवाल ने लिखा कि लंदन में बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के लोगों के साथ छठ मनाना उनके लिए बेहद भावुक पल था। संध्या अर्घ्य के दौरान जब 'केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल...' गीत गूंजा और छठी मइया के जयकारे लगे, तो उन्हें लगा कि वह अपने ही लोगों के बीच हैं।


उन्होंने पारंपरिक कपड़ों में सजी महिलाओं के उत्साह की तारीफ की। साथ ही, कठिन निर्जला व्रत रखने वाली व्रतियों की श्रद्धा और समर्पण को देखकर भी वह प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि लोगों को पूरी आस्था के साथ पूजा करते देखकर ऐसा लगा ही नहीं कि वे बिहार से इतनी दूर हैं।


'जहां अपने मिल जाएं, वहीं बस जाता है बिहार'


अनिल अग्रवाल ने अपनी पोस्ट में भोजपुरी की एक कहावत का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, 'रउआ जहां रहब, छठी मइया के नेह आ आशीर्वाद उहां पहुंचिए जाई।' इसका मतलब है कि आप दुनिया के किसी भी कोने में रहें, छठी मइया का प्यार और आशीर्वाद वहां जरूर पहुंचता है। उन्होंने आगे कहा कि जहां अपने लोग मिल जाते हैं, वहीं अपना गांव, अपना घाट और अपना बिहार बस जाता है। उनके मुताबिक, बिहार और पूर्वांचल के लोग मेहनती और कारोबार करने की अच्छी समझ रखते हैं। वे दुनिया के किसी भी हिस्से में जाएं, अपनी पहचान बना लेते हैं।


बिहार और पूर्वांचल के लोगों के लिए जताई उम्मीद


वेदांता ग्रुप के चेयरमैन ने बिहार और पूर्वांचल के लोगों की मेहनत पर भरोसा जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि छठी मइया के आशीर्वाद से इन लोगों के लिए रोजगार और आगे बढ़ने के नए अवसर बनेंगे। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'अब इनका समय आ गया है।' आखिर में उन्होंने जय छठी मइया कहकर सभी को शुभकामनाएं दीं।


पटना से शुरू हुआ था अनिल अग्रवाल का सफर


अनिल अग्रवाल का छठ से जुड़ाव उनकी जन्मभूमि बिहार से भी है। उनका जन्म 24 जनवरी 1954 को पटना में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई पटना के मिलर हाई स्कूल में हुई। उनके पिता द्वारका प्रसाद अग्रवाल का एल्युमिनियम कंडक्टर बनाने का छोटा कारोबार था। अनिल अग्रवाल ने 15 साल की उम्र में पढ़ाई छोड़ दी थी और पिता के कारोबार में हाथ बंटाने लगे थे। पटना में ही उन्होंने धातु और कबाड़ के कारोबार की बारीकियां सीखीं।


19 साल की उम्र में टिफिन और बिस्तर लेकर पहुंचे मुंबई


बेहतर भविष्य की तलाश में अनिल अग्रवाल 19 साल की उम्र में पटना से मुंबई चले गए थे। उस समय उनके पास एक टिफिन बॉक्स और बिस्तर था। मुंबई पहुंचकर उन्होंने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत की। धीरे-धीरे उनका कारोबार बढ़ा और उन्होंने वेदांता ग्रुप की स्थापना की।आज दुनिया के बड़े उद्योगपतियों में शामिल अनिल अग्रवाल के लिए लंदन में छठ मनाना अपनी जड़ों से जुड़ने जैसा अनुभव रहा। हजारों किलोमीटर दूर भी छठ के गीतों और अपने लोगों के बीच उन्हें अपना बिहार नजर आया।