Bihar MLC Election: बिहार MLC चुनाव में सियासी घमासान, 8 सीटों पर मुकाबला तय, RJD-जन सुराज ने खोले पत्ते, JDU-BJP इस कारण नहीं कर रही ऐलान

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर चुनावी सरगर्मी अब तेज हो गई है। ...

JDU-BJP कब खोलेगी पत्ता- फोटो : social Media

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर चुनावी सरगर्मी अब तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर तय की गई है।

चुनावी मैदान में उतरने से पहले ही दलों ने अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। RJD ने आठ में से छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं, जबकि जन सुराज ने पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। जन सुराज के घोषित उम्मीदवारों में सारण शिक्षक से आफाक अहमद, पटना शिक्षक से दिव्या ज्योति, दरभंगा शिक्षक से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन शामिल हैं।

दूसरी ओर, JDU और BJP की ओर से औपचारिक उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार है। JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के मुताबिक दोनों दलों की शीर्ष नेतृत्व स्तर पर सीटों और उम्मीदवारों को लेकर मंथन हो चुका है और जल्द घोषणा की जाएगी।

आठ सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी की स्नातक तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की शिक्षक सीट शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार इन सीटों पर वर्तमान में नीरज कुमार, सर्वेश कुमार, बंसीधर ब्रजवासी, एनके यादव, नवल किशोर यादव, मदन मोहन झा, संजय कुमार सिंह और आफाक अहमद का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होगा।

इस चुनाव में दलों के बीच सीट बंटवारे के साथ-साथ प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी सियासी खींचतान देखने को मिल रही है। पटना स्नातक सीट को लेकर JDU नेता अनंत सिंह द्वारा मौजूदा MLC नीरज कुमार के खिलाफ अभियान चलाने की घोषणा ने भी पार्टी के भीतर चर्चा बढ़ा दी है।

वहीं, विपक्षी गठबंधन में भी सीटों और उम्मीदवारों को लेकर मतभेद सामने आए हैं। RJD ने छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं, जबकि तिरहुत शिक्षक और दरभंगा शिक्षक सीट पर उसके सहयोगियों के लिए जगह छोड़ी है।जन सुराज के पांच उम्मीदवारों की घोषणा के साथ मुकाबले में एक नया राजनीतिक खिलाड़ी भी सक्रिय हो गया है। अब आठों सीटों पर नामांकन के साथ तस्वीर और साफ होगी और उसके बाद चुनावी प्रचार पूरी तरह जोर पकड़ने की उम्मीद है।