Bihar Railway Bridge: बिहार में रेल हादसे का खतरा! जर्जर पुल से गुजर रहीं 20 से ज्यादा ट्रेनें

Bihar Railway Bridge: बिहार के जयनगर-दरभंगा रेलखंड पर 20 साल पुरानी जर्जर पुलिया से रोज गुजर रही हैं 20 से ज्यादा ट्रेनें। स्थानीय लोगों ने बड़े हादसे की आशंका जताई है।

जर्जर रेलवे पुल बना खतरा- फोटो : freepik

 Bihar Railway Bridge: बिहार में हाल के दिनों में कई जिलों में पुल टूटने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब रेलवे ट्रैक पर बनी पुरानी और जर्जर पुल-पुलियों की हालत भी सवालों के घेरे में है। जयनगर-दरभंगा रेलखंड पर बनी एक पुरानी पुलिया को लेकर लोगों में डर बना हुआ है, क्योंकि इस पर हर दिन 20 से ज्यादा ट्रेनों का संचालन हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, जयनगर-दरभंगा रेलखंड पर करीब 20 साल से ट्रेनें चल रही हैं। इस रेलखंड पर कई पुल और पुलियां काफी पुरानी हो चुकी हैं, लेकिन उनकी समय पर मरम्मत नहीं कराई गई है। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।

जयनगर-दरभंगा रेलखंड

बताया गया कि वर्ष 2006 में जयनगर-दरभंगा रेलखंड पर आमान परिवर्तन के दौरान बड़ी रेल लाइन बिछाने का काम हुआ था। उसी समय ट्रैक, प्लेटफॉर्म और अन्य निर्माण कार्य किए गए थे। लेकिन जिस पुलिया की चर्चा हो रही है, उसका निर्माण इससे भी पहले मीटर गेज लाइन के समय किया गया था।

20 साल से जर्जर हालत में पुलिया

जयनगर-मधुबनी रेलखंड पर जयनगर स्टेशन के दक्षिण फरदाही लक्ष्मीपुर गांव के पास रेलवे गुमटी संख्या 37 सी के नजदीक यह पुलिया बनी हुई है। यह पुलिया पिछले करीब 20 साल से जर्जर हालत में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसकी मरम्मत लंबे समय से नहीं हुई है।सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इसी जर्जर पुलिया से होकर रोजाना 20 से ज्यादा ट्रेनें गुजरती हैं। रेलवे के जोन और डिविजन स्तर के अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण भी करते हैं, लेकिन अब तक इस पुलिया की मरम्मत नहीं हो सकी है। इस मामले में रेलवे के आईओडब्ल्यू रमेश कुमार ने कहा कि पुल और पुलियों की मरम्मत का काम चल रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस पुलिया की मरम्मत भी जल्द कराई जाएगी।