Patna News: पटना मरीन ड्राइव पर दिल दहला देने वाली घटना, युवक ने गंगा में लगाई छलांग, स्कूटी-चप्पल मिली, SDRF की सर्च ऑपरेशन तेज
Patna News: पटना के मशहूर मरीन ड्राइव इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई जब एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी।
Patna News: पटना के मशहूर मरीन ड्राइव इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई जब सोमवार की देर रात एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। यह घटना पीरबहोर थाना क्षेत्र के 46 नंबर पिलर के पास की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को दहशत और चिंता में डाल दिया है।जानकारी के मुताबिक, कूदने वाले युवक की पहचान पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-2 निवासी सागर कुमार (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि घटना से पहले युवक ने अपने परिवार को व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए आखिरी बार संपर्क किया था और कथित तौर पर कहा था कि मैं कूदने जा रहा हूं।
इस कॉल के कुछ ही देर बाद युवक ने मरीन ड्राइव पर अपनी स्कूटी खड़ी की और अचानक गंगा में छलांग लगा दी। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए और देखते ही देखते युवक नदी की तेज धारा में लापता हो गया।घटना के बाद जब युवक का मोबाइल फोन अचानक स्विच ऑफ हो गया, तो परिजनों की चिंता और बढ़ गई। उन्होंने तुरंत उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान मरीन ड्राइव इलाके में लावारिस हालत में खड़ी उसकी स्कूटी बरामद हुई, साथ ही घटनास्थल से एक जूता भी मिला, जिससे परिजनों की आशंका और गहरी हो गई कि युवक ने सच में गंगा में छलांग लगाई है।परिवार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया। पीरबहोर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत SDRF को सूचना दी। इसके बाद SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया और गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
रात के अंधेरे और नदी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आ रही हैं। इसके बावजूद SDRF की टीमें लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई हैं। नावों और गोताखोरों की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और युवक के मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण की भी पड़ताल की जा रही है, जो इस दर्दनाक कदम के पीछे हो सकता है। फिलहाल परिवार सदमे में है और मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मरीन ड्राइव और गंगा किनारे का पूरा इलाका सन्नाटे और चिंता के माहौल में डूबा हुआ है, जबकि SDRF की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार