Bihar Weather: नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में बारिश डालेगी खलल? मौसम विभाग का क्या है अलर्ट, जानिए

Bihar Weather: बिहार में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे तक कोई खास बदलाव नहीं होगा। दूसरी ओर आज बिहार के लिए अहम दिन है। राज्य में नई सरकार का आज शपथग्रहण समारोह है।

मौसम विभाग का अलर्ट - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार का मौसम धीरे धीरे बदलने लगा है। फिलहाल तापमान में कोई बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। लेकिन ग्रामीण इलाकों में कड़ाके की ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। इसी बीच आज बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह भी होना है। नीतीश कुमार आज यानी गुरुवार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी में राजनीतिक हलचल तेज है। सीएम के साथ बीजेपी के दो डिप्टी सीएम सहित 20 मंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बीच आज मौसम शुष्क रहेगा। 

कई जिलों में 5 डिग्री तक पहुंचा पारा 

मौसम विभाग के अनुसार समारोह के दौरान पटना का मौसम शुष्क रहेगा। गुरुवार की सुबह और शाम हल्की धुंध छाई है, जबकि दिन में धूप रहने से कुछ राहत मिलने की संभावना है। हालांकि 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा ठंड का एहसास और बढ़ा देगी। पिछले एक सप्ताह से पछुआ हवा के कारण बिहार में ठंड का असर काफी बढ़ गया है। कई जिलों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मंगलवार की रात राज्य का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, हालांकि हवा की रफ्तार धीमी होने से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

24 घंटे तक शुष्क रहेगा मौसम 

बीते 24 घंटों में राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। पूर्णिया में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकतम तापमान 25.5 से 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.2 से 19.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पूर्वी बिहार को छोड़कर अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

बारिश की कोई संभावना नहीं 

मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है। विभाग का कहना है कि दिन में तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, जबकि न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। सुबह और शाम हल्की धुंध छाई रह सकती है तथा शाम होते ही ठंड का असर फिर बढ़ेगा। विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 22 नवंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव विकसित हो सकता है, जो अगले 48 घंटों में और स्पष्ट हो जाएगा। हालांकि अगले तीन से चार दिनों में बिहार के अधिकतम तापमान में किसी खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।