Bihar Weather: बिहार में अगले 24 घंटे में बदलेगा मौसम, पश्चिम विक्षोभ की हुई एंट्री, IMD ने सर्तक रहने की दी चेतावनी
Bihar Weather: बिहार में पश्चिम विक्षोभ की एंट्री हो गई है। जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए अलर्ट जारी किया है...

Bihar Weather: बिहार में पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने एक बार फिर तापमान में गिरावट ला दी है। अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान दोबारा एक अंकों में पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। रात में हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन के समय कुछ जगहों पर हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है।
अगले 24 घंटे में दिखेगा असर
शनिवार की देर रात पश्चिमी विक्षोभ बिहार पहुंचा, जिससे मौसम में हल्का बदलाव 11 फरवरी से देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटों में बिहार के बांका में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6°C दर्ज किया गया। वहीं, पटना का न्यूनतम तापमान 12.5°C, गया का 9.8°C, भागलपुर का 10.1°C, पूर्णिया का 9.5°C, बाल्मीकिनगर का 10.6°C, मधेपुरा का 8.1°C, जमुई का 9.0°C, बक्सर का 9.0°C, सीतामढ़ी का 7.6°C, औरंगाबाद का 10.2°C, समस्तीपुर का 6.5°C और सहरसा का 9.1°C दर्ज किया गया।
सर्द हवा से गिर रहा तापमान, ठंड बरकरार
गया में सर्द पछुआ हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है, जिससे ठंड का असर बरकरार है। दिन में धूप खिलने के बावजूद ठंडी हवाएं सिहरन बढ़ा रही हैं। शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.8°C और अधिकतम तापमान 25.1°C रहा, जबकि शुक्रवार को यह क्रमशः 10.2°C और 27.0°C था। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15.0°C और अधिकतम तापमान 27.5°C दर्ज किया गया। शनिवार की सुबह आर्द्रता 55% और शाम को 44% रही।
दिन में धूप, रात में ठंड का एहसास
भागलपुर में पछुआ हवाओं की गति बढ़ने से ठंड में इजाफा हुआ, हालांकि दिन के समय धूप बनी रही। इस बदलते मौसम का असर एलर्जी और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर देखा गया। शनिवार की सुबह न्यूनतम तापमान 7.5°C दर्ज किया गया, जबकि नमी की मात्रा 84% रही। दोपहर में अधिकतम तापमान 23°C और हवा की गति 7.2 किमी/घंटा रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 12 फरवरी को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि मौसम शुष्क बना रहेगा। अधिकतम तापमान 24-26°C और न्यूनतम तापमान 10-12°C के बीच रहने की संभावना है।
बिहार में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 9 फरवरी से दक्षिण बिहार के ज्यादातर जिलों में पारा चढ़ना शुरू करेगा। वहीं उत्तर बिहार के जिलों में 10 फरवरी तक एक या दो स्थानों पर सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। जबकि दक्षिण बिहार में कोहरे को लेकर कोई अपडेट या अलर्ट नहीं है।