Bihar Weather: गरजेंगे बादल, बरसेगा पानी, पटना- जहनाबाद में होगाी झमाझम बारिश , जानिए किन 12 जिलों के लिए मूसलाधार बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट हुआ है जारी
मौसम विभाग ने बिहार के 12 ज़िलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को एहतियात बरतने की हिदायत दी है। ...
Bihar Weather: बिहार में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाने की तैयारी कर ली है। मौसम का मिज़ाज तेजी से बदल रहा है और मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 12 ज़िलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को एहतियात बरतने की हिदायत दी है। विभाग के मुताबिक इन इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात, मूसलाधार बारिश और करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की पूरी संभावना है। ऐसे हालात में लोगों से गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
राजधानी पटना में आज यानी सोमवार को दिनभर आसमान पर बादलों का डेरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शहर में एक-दो दौर की बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। वहीं वज्रपात का भी ख़तरा बना हुआ है, इसलिए खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी ट्रफ की वजह से बिहार समेत पूरे पूर्वी भारत में नमी का प्रवाह तेज़ हो गया है। यही मौसमी सिस्टम मानसून को दोबारा ताकत दे रहा है। इसके असर से आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज़ बारिश और वज्रपात की घटनाओं में इज़ाफ़ा होने की आशंका जताई गई है।
विभाग का कहना है कि अगले 7 से 10 दिनों तक बिहार में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई ज़िलों में अच्छी बारिश दर्ज होने की उम्मीद है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी और भीषण उमस से लोगों को निजात मिलेगी। हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूरे जुलाई महीने में सामान्य से कम बारिश का जो पूर्वानुमान पहले जारी किया गया था, वह अभी भी बरकरार है।
ऑरेंज अलर्ट वाले ज़िलों में कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई और बांका शामिल हैं। वहीं बक्सर, भोजपुर, पटना, मुंगेर, भागलपुर, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में येलो अलर्ट लागू किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। बाकी 14 ज़िलों में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का मानना है कि बारिश की रफ्तार बढ़ने से तापमान में गिरावट आएगी और प्रदेशवासियों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलेगी।