Bihar Transport News: पटना समेत बिहार में बनेगा वर्ल्ड क्लास बस नेटवर्क, दिसंबर से शुरू होगा मेगा प्रोजेक्ट, इन 10 राज्यों दौड़ेंगी लग्जरी बसें

Bihar Transport News: बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है।...

Bihar to Get World Class Bus Network Patna
पटना समेत बिहार में बनेगा वर्ल्ड क्लास बस नेटवर्क- फोटो : social Media

Bihar Transport News: बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राजधानी पटना समेत पालीगंज, मोकामा और नौबतपुर में इसी साल दिसंबर से अत्याधुनिक बस डिपो और इंटरस्टेट बस टर्मिनल के निर्माण का काम शुरू होगा। इन नए बस अड्डों के तैयार होने के बाद बिहार से दिल्ली, मुंबई, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश समेत देश के 10 राज्यों के लिए लग्जरी और आधुनिक बसों का नियमित परिचालन होगा। सरकार ने इसके लिए जमीन भी चिह्नित कर ली है। अकेले बैरिया में करीब 5 एकड़ सरकारी भूमि पर भव्य बस स्टैंड बनाया जाएगा।

इन अत्याधुनिक टर्मिनलों के शुरू होने के बाद पटना और आसपास के इलाकों से 24 घंटे बसों का संचालन संभव हो सकेगा। खासकर देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही राजधानी के भीतर बसों की अनावश्यक आवाजाही कम होने से ट्रैफिक जाम की समस्या में भी काफी हद तक कमी आने की उम्मीद है। इससे अंतरराज्यीय परिवहन व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुगम और व्यवस्थित हो जाएगी।

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार में विश्वस्तरीय बस डिपो और टर्मिनल विकसित करना है, ताकि यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और सफर को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक बनाया जा सके।

योजना के तहत सिर्फ पटना ही नहीं, बल्कि राज्य के 30 जिलों में भी बस डिपो को मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। परिवहन विभाग के अनुसार औरंगाबाद में 5.57 एकड़, मुजफ्फरपुर में 5.11 एकड़, गया में 4.95 एकड़, जमुई में 4.72 एकड़ और नवादा में 4.57 एकड़ भूमि पर आधुनिक डिपो बनाए जाएंगे। वहीं बिहारशरीफ, पूर्णिया, मुंगेर (तारापुर) और दरभंगा सहित कई जिलों में तीन एकड़ से अधिक सरकारी जमीन पहले ही चिह्नित की जा चुकी है। इसके अलावा भागलपुर, सहरसा, मधुबनी, किशनगंज, मोतिहारी, छपरा, सुल्तानगंज, बरबीघा, चकाई, सीतामढ़ी, आरा, जहानाबाद, संग्रामपुर, भदौनी और राजगीर में भी नए बस डिपो विकसित किए जाएंगे।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम इन परियोजनाओं का निर्माण पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर करेगा। सभी बस डिपो पांच मंजिला होंगे और यात्रियों को केवल बस सेवा ही नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्राउंड फ्लोर पर हाईटेक बस पार्किंग और वर्कशॉप होगी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर निगम के कार्यालय, शॉपिंग मॉल, कैफेटेरिया, होटल, पीवीआर सिनेमा, एंटरटेनमेंट जोन, एसी और नॉन-एसी वेटिंग लाउंज, डॉर्मेटरी, गेस्ट रूम, बैंक्वेट हॉल और महिलाओं के लिए विशेष फीडिंग रूम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना न सिर्फ बिहार की परिवहन व्यवस्था को नई पहचान देगी, बल्कि रोजगार, व्यापार और पर्यटन को भी नई रफ्तार देने में अहम भूमिका निभाएगी। यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा, वहीं राज्य की अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी भी पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी।