बिहार में बारिश का इंतजार बढ़ा, दरभंगा-मुंगेर सहित 24 जिलों में सिर्फ मामूली वर्षा के आसार, पटना के लोगों को गर्मी से नहीं मिलेगी राहत

Bihar Weather: राजधानी पटना समेत अधिकांश इलाकों में लोगों को तपिश और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पटना में अच्छी बारिश की संभावना बेहद कम है।

बिहार में बारिश का इंतजार बढ़ा- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मानसून की आमद तो हो चुकी है, लेकिन बारिश अब भी लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही। सूबे में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ा हुआ है, जिसकी वजह से झमाझम बारिश की बजाय बादलों की लुकाछिपी और उमस भरी गर्मी का दौर जारी है। राजधानी पटना समेत अधिकांश इलाकों में लोगों को तपिश और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पटना में अच्छी बारिश की संभावना बेहद कम है। दिनभर तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक इज़ाफ़ा हो सकता है, जिससे दोपहर के वक्त गर्मी का असर और ज़्यादा महसूस होगा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से बिहार को पर्याप्त नमी नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा फिलहाल कोई मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम या ट्रफ लाइन भी सक्रिय नहीं है। यही वजह है कि मानसून पूरी तरह असरदार साबित नहीं हो रहा और राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा नहीं हो पा रही है। जब तक बंगाल की खाड़ी में कोई मजबूत मौसमी सिस्टम विकसित नहीं होता, तब तक झमाझम बारिश की उम्मीद भी अधूरी ही रहेगी।

इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार के लिए बिहार के 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवा चलने की संभावना जताई गई है। चेतावनी वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार शामिल हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक सामान्य से करीब 50 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं शेष 14 जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क बने रहने का अनुमान है। फिलहाल बिहारवासियों को राहत की बारिश के लिए मानसूनी सिस्टम के मजबूत होने का इंतज़ार करना होगा।