संगीत की दुनिया में चमका बिहार का सितारा, दिलों को छू रहा अनुराग कीर्ति का गीत 'भोलेनाथ', शास्त्रीय संगीत से मॉडर्न भजन तक महारत

हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत हो या मॉडर्न भजन हर विधा में महारत रखने वाले बिहार के लाल अनुराग कीर्ति का गीत 'भोलेनाथ' इन दिनों श्रोताओं को खूब पसंद आ रहा है. जिसमें गीत के साथ साथ सकारत्मक जीवन जीने का संदेश भी है.

Anurag Kirti's song Bholenath- फोटो : news4nation

Bihar News: बिहार के लाल अनुराग कीर्ति गायकी और अभिनय के मंच पर तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। हाल ही में ज़ी म्यूज़िक के माध्यम से रिलीज़ हुआ भक्ति गीत “भोलेनाथ” श्रोताओं के बीच बेहद लोकप्रिय हो रहा है। इस गीत को अपनी मधुर आवाज़ से सजाया है गायक अनुराग कीर्ति ने, जो इसमें फीचर भी हुए हैं। गीत के बोल और रचना मशहूर गीतकार कौशल किशोर ने लिखी है, जबकि निर्देशन यशस्वी जी ने किया है। 


अनुराग कीर्ति ने इस गीत को अपने स्वर्गीय दादाजी सत्यदेव सिंह के जन्मदिन के अवसर पर रिलीज़ किया। उनके दादाजी भगवान भोलेनाथ के परम भक्त थे और अनुराग उन्हें आज भी गहराई से स्मरण करते हैं। यही कारण है कि 20 अगस्त को “भोलेनाथ” का पोस्टर जारी करना उनके लिए बेहद भावनात्मक क्षण रहा। अनुराग बताते हैं कि यह उनके जीवन की सबसे बड़ी श्रद्धांजलि रही, जो उन्होंने गीतकार कौशल किशोर जी के मार्गदर्शन में साकार की।


मोकामा के हैं अनुराग 

अनुराग, मूल रूप से बिहार के मोकामा के निवासी हैं और वर्तमान में एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी में महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता का नाम अनिल कुमार तथा माता का नाम मधुमति है। अनुराग कहते हैं कि उन्हें संगीत की प्रेरणा बचपन से ही अपनी माता से मिली। गुरुओं के प्रति उनका गहरा सम्मान और स्नेह हमेशा से उनकी संगीत यात्रा का आधार रहा है।


शास्त्रीय संगीत 

एसओए विश्वविद्यालय और एक्सएलआरआई के पूर्व छात्र होने के बावजूद अनुराग ने अपने संगीत के जुनून को सदैव जीवित रखा। उन्होंने 10 से अधिक वर्षों तक हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की विधिवत शिक्षा प्राप्त की है और विभिन्न टीवी एवं रेडियो कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया है।

विद्यार्थियों को देते हैं मार्गदर्शन 

संगीत के अतिरिक्त, अनुराग कीर्ति अपने कैरियर वार्ताओं और प्रेरक सत्रों के माध्यम से अनेक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देते रहते हैं। उनकी यही बहुमुखी प्रतिभा और जीवन में संतुलन उन्हें एक सच्चा कलाकार और समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बनाती है।