चार दिनों से घर से गायब महिला का आहर से बरामद हुई लाश, इलाके में सनसनी

आहर से बरामद हुई महिला की लाश- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Patna : जिले के नौबतपुर के पितवाँस गांव में बीते चार दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता महिला का शव गांव के समीप स्थित आहर (जल संचयन पोखर) से बरामद हुआ है। मृतका की पहचान पितवाँस गांव निवासी लक्ष्मण मांझी की पत्नी पुनिया देवी के रूप में की गई है। आहर के पानी में शव तैरता मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।


चार दिनों से घर से गायब थीं महिला, परिजनों ने नहीं दर्ज कराई थी शिकायत 

मिली जानकारी के अनुसार, पुनिया देवी बीते तीन-चार दिनों पहले अचानक अपने घर से लापता हो गई थीं। उनके परिजन लगातार अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रहे थे, हालांकि उन्होंने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। रविवार को गोवाए गांव के पास पानी टंकी स्थित आहर में ग्रामीणों ने एक शव को तैरते देखा, जिसकी पहचान पुनिया देवी के रूप में हुई।


फिसलकर आहर में डूबने की आशंका 

कई दिनों तक पानी में डूबे रहने के कारण शव काफी फूल गया था। जिस स्थान से शव बरामद हुआ, वहां आहर का किनारा काफी ढलानदार और फिसलन भरा है। इसके आधार पर प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि आहर के समीप पैर फिसल जाने के कारण महिला गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई।


FSL टीम ने शुरू की वैज्ञानिक जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव 

घटना की सूचना मिलते ही पिपलावां थाना प्रमुख अतुल जी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की सूक्ष्म जांच और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को घटनास्थल पर बुलवाया। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई 

थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की मृत्यु के सटीक और वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम तथा FSL रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सुमित की रिपोर्ट