बांकीपुर सीट पर उपचुनाव संपन्न, AN कॉलेज स्ट्रांग रूम में पहुंचने लगीं EVM

पटना की सबसे हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है।सभी 422 बूथों से पोलिंग पार्टियां पुलिस बल के साथ ईवीएम को एएन कॉलेज में बने स्ट्रांग रुम में पहुंचने लगे है....

स्ट्रांग रूम में पहुंचने लगीं EVM- फोटो : अभिजीत

Patna : राजधानी पटना की सबसे हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। मतदान समाप्त होते ही सभी 422 बूथों से पोलिंग पार्टियां पुलिस बल के साथ ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) मशीनों को सुरक्षित लेकर स्ट्रांग रूम की ओर लौटने लगी हैं।


ईवीएम जमा कराने के लिए पटना के बोरिंग रोड स्थित एएन कॉलेज (AN College) में विशाल स्ट्रांग रूम सह संग्रह केंद्र बनाया गया है। शाम ढलते ही एएन कॉलेज परिसर में मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों की गाड़ियों का आना शुरू हो गया है। चुनाव आयोग के अधिकारियों की मौजूदगी में सीलबंद ईवीएम मशीनों को जमा कराने का काम तेजी से चल रहा है।


एएन कॉलेज के पास ट्रैफिक पुलिस अलर्टरूट डाइवर्ट कर आवागमन कराया गया सुचारू

ईवीएम की वापसी को देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। एएन कॉलेज और आसपास के प्रमुख रास्तों, खासकर बोरिंग रोड, पानी टंकी मोड़ और राजापुर पुल के पास यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस बलों की तैनाती की गई है। आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए रूट में हल्का बदलाव भी किया गया है।


एएन कॉलेज में बनाया गया थ्री-लेयर सुरक्षा वाला विशाल स्ट्रांग रूम

एएन कॉलेज परिसर में बने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त और त्रिस्तरीय (Three-Tier Security) रखी गई है। इसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), बिहार सैन्य पुलिस (BMP) और जिला पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पूरे परिसर और स्ट्रांग रूम के दरवाजों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से डिजिटल निगरानी की जा रही है।


सभी 422 बूथों की ईवीएम जमा होने के बाद प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा। अब मतगणना के दिन ही इसे दोबारा खोला जाएगा। प्रशासन और चुनाव आयोग की प्राथमिकता शांतिपूर्ण तरीके से सभी मशीनों को सुरक्षित जमा कराने की है। 


अभिजीत की रिपोर्ट