CM Nitish Mahila Sambad: सीएम नीतीश कुमार की 'महिला संवाद' कार्यक्रम आज से होगी शुरु, 2 महीने में 2 करोड़ महिलाओं को गिनाएंगे काम
CM Nitish Mahila Sambad: सीएम नीतीश आज से महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। महिला संवाद कार्यक्रम के तहत बिहार के तमाम जिलों में 2 महीनों में करीब 2 करोड़ महिलाओं को सरकार के योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

CM Nitish Mahila Sambad: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यानी शुक्रवार को राज्यभर में महिला सशक्तिकरण को लेकर शुरू किए जा रहे 'महिला संवाद' कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग से सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न प्रखंडों के लिए 50 विशेष वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बता दें कि इसके पहले सीएम प्रगति यात्रा के तहत बिहार के तमाम जिलों में दौरा कर चुके हैं। सीएम नीतीश सभी जिलों में विकास के योजनाओं की जमीन तौर पर समीक्षा किए हैं।
600 जगहों से एकसाथ होगा शुभारंभ
महिला संवाद कार्यक्रम का पहला दिन राज्य के 600 स्थानों पर एकसाथ आयोजित होगा। यह अभियान अगले दो महीनों तक चलेगा और इसका उद्देश्य महिलाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। सरकार की योजना है कि इस दौरान करीब दो करोड़ महिलाओं तक संवाद पहुंचाया जाए। जिसमें 1.35 लाख जीविका दीदियां भी शामिल होंगी।
राजनीतिक दृष्टि से अहम पहल
इस वर्ष होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए 'महिला संवाद' कार्यक्रम को नीतीश सरकार की एक बड़ी रणनीतिक पहल माना जा रहा है। इसके तहत प्रदेश भर के गांव-गांव में जाकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं के लाभ और उनके सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी जाएगी। मालूम हो कि बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष का ध्यान आधी आबादी पर विशेष तौर पर है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो आधी आबादी सत्ता पलटने की ताकत रखती हैं।
38 जिलों में होगा आयोजन
कार्यक्रम के तहत 38 जिलों में हर दिन औसतन 1200 स्थानों पर संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। संवाद सुबह और शाम, दोनों समय आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 600 प्रचार वाहनों को विशेष रूप से तैयार किया गया है, जो गांव-गांव जाकर जानकारी साझा करेंगे। केवल पटना जिले में ही 1,395 स्थानों पर महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित होने हैं।
इन योजनाओं की मिलेगी जानकारी
महिला संवाद अभियान के दौरान महिलाओं को राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और नीतियों से अवगत कराया जाएगा, जिनमें शामिल हैं- महिला सशक्तिकरण नीति 2015, महिला आरक्षण योजना, नशामुक्ति अभियान, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन अभियान, जीविका योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बालिका पोशाक योजना और अन्य सामाजिक-आर्थिक योजनाएं, महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
सरकार का दावा
सरकार का दावा है कि यह कार्यक्रम राज्य में महिलाओं के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। संवाद के ज़रिए सरकार न केवल अपनी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएगी, बल्कि महिलाओं की भागीदारी और जागरूकता भी बढ़ाने का प्रयास करेगी।