Bihar Politics: सीएम नीतीश कल शाम में देंगे इस्तीफा! बिहार के नए मुख्यमंत्री का ऐलान, शपथ ग्रहण में पीएम होंगे शामिल

Bihar Politics: सीएम नीतीश कल शाम 4 बजे इस्तीफा देंगे। साथ ही कल एनडीए के विधायक दल के साथ साथ जदयू के विधायक दल और बीजेपी के विधायक दल की भी बैठक हो सकती है।

कल शाम सीएम देंगे इस्तीफा- फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा विधायक दल की बैठक 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे पार्टी कार्यालय में बुलाई गई है। जिसमें सभी विधायक और विधान पार्षद शामिल होंगे। इस अहम बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद नई सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।

शाम तक होगा नेता का चयन

बताया जा रहा है कि शाम 6 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक और महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। यही नेता मुख्यमंत्री पद के लिए नामित होगा। इसके बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर अंतिम और निर्णायक बैठक होने की संभावना है, जहां सरकार गठन को लेकर अंतिम सहमति बनाई जा सकती है।

मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव के संकेत

मौजूदा राजनीतिक समीकरणों के बीच मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। कई पुराने चेहरों की छुट्टी हो सकती है, जबकि नए नेताओं को मौका मिलने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान सभी विधायकों और नेताओं से फीडबैक लेकर उसे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाएंगे, जहां अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

पीएम मोदी होंगे शामिल

कुल मिलाकर, 14 अप्रैल बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम दिन साबित होने जा रहा है। इस दिन न सिर्फ नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होगा, बल्कि नई सरकार का पूरा स्वरूप भी सामने आ जाएगा, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं 14 अप्रैल की शाम ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पटना आ सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार पीएम मोदी नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं। 

पटना से वंदना की रिपोर्ट