Bihar News: पत्नी घर छोड़कर गई मायके तो पति ने पुलिस लाइन में लगा ली फांसी, पटना में सिपाही की खुदकुशी से मचा हड़कंप

Bihar News: राजधानी पटना के पुलिस लाइन में सिपाही ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना वरिय अधिकारियों को दी गई।

सिपाही ने की खुदकुशी - फोटो : social media

Bihar News: राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने  आ रही है। जहां पटना पुलिस लाइन में तैनात चालक सिपाही अशोक कुमार सिंह ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस, कोतवाली लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

2004 से पुलिस लाइन में रह रहे थे सिपाही

जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार सिंह वर्ष 2004 से पटना पुलिस लाइन में रह रहे थे। उनके साथ उनका पूरा परिवार भी यहीं रहता था। सिपाही अशोक कुमार चालक पद पर कार्यरत थे। वहीं अचानक फंदे से मिली लाश से परिजनों में हड़कंप मच गया। 

छोटे बेटे के लव मैरिज से थे नाराज  

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक कुमार सिंह का पारिवारिक विवाद चल रहा था। उनके बड़े बेटे अजीत कुमार सिंह (25 वर्ष) उनके साथ रहते थे। वहीं छोटे बेटे रंजीत कुमार सिंह ने प्रेम विवाह किया था। जिससे अशोक सिंह असहमत थे। बड़े बेटे अजीत ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले उनकी मां घर छोड़कर मायके चली गई थीं। जिसके बाद से अशोक कुमार तनाव में थे। यह आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं पारिवारिक तनावों की वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। 

पुलिस की जांच जारी 

घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि व्यवस्था)-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की बात सामने आ रही है लेकिन हर बिंदु पर जांच की जा रही है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक जांच के जरिए स्थिति स्पष्ट की जा सके।

पारिवारिक तनाव ने बढ़ाई परेशानी?

पुलिस के मुताबिक, अशोक कुमार के बड़े बेटे अजीत कुमार सिंह की एक साल पहले शादी हुई थी। जबकि छोटे बेटे रंजीत का लव मैरिज विवाद का कारण बन गया था। संभव है कि घर में लगातार चल रहे तनावों ने अशोक सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया हो। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की हर एंगल से जांच कर रही है। परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट