उर्जा मंत्री के जवाब से विधान सभा में भारी हंगामा, भाजपा विधायक ने अपनी ही सरकार को घेरा, विपक्ष भी बरसा

सदन में विजेंद्र यादव के जवाब से असंतुष्ट सदस्यों ने एक सुर में मांग की कि पूरे राज्य में बिजली विभाग अपने स्तर निरीक्षण कराए और ऐसे तारों को मकानों के ऊपर से हटवाये.

Energy Minister Vijendra Yadav- फोटो : news4nation

Bihar Vidhan Sabha : बिहार विधान सभा के बजट स्तर के आखिरी दिन शुक्रवार को उर्जा मंत्री विजेंद्र यादव के एक जवाब से सत्ता और विपक्ष के सदस्य बिफर गए. उन्होंने एक सुर में उर्जा विभाग के फैसले पर आपत्ति जताई और इसे लेकर सदन में हंगामा भी हुआ. दरअसल, भाजपा के बड़हरा के विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने सदन में सवाल किया कि राज्य में बड़े स्तर पर लोगों के मकानों के ऊपर से बिजली का तार जाता है. इससे हर साल कई जगह अप्रिय घटनाएं होती हैं. उन्होंने ऐसे तारों को हटाने की मांग की. 


इस पर विजेंद्र यादव ने कहा कि इसमें विभाग की कोई गलती नहीं है. जिन जगहों पर मकानों के ऊपर से तार गया गया वहां लोगों ने तार जाने के बाद अपना मकान बनाया. उनके इस जवाब से राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित सत्ता और विपक्ष के कई सदस्यों ने एक साथ आपत्ति जताई. पूरे राज्य में इस प्रकार की समस्या होने और बिजली विभाग की लापरवाही से हर साल कई लोगों की जान जाने का उदाहरण सदस्यों ने पेश किया. 


सदन में विजेंद्र यादव के जवाब से असंतुष्ट सदस्यों ने एक सुर में मांग की कि पूरे राज्य में बिजली विभाग अपने स्तर निरीक्षण कराए और ऐसे तारों को मकानों के ऊपर से हटवाये. उन्हें कवर कराए. सदन में भारी हंगामे को देख्नते हुए स्पीकर प्रेम कुमार ने आसन से निर्देशित किया कि होली के बाद इस मामले में विभाग समीक्षा कर उचित समाधान निकाले.


नीतीश सरकार का ऐलान 

मंत्री विजय चौधरी ने सदन को बताया कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की कल्पना और गठन इसी सरकार की सोच का परिणाम है और इसका विस्तार कार्यक्रम जारी है। उन्होंने बताया कि SDRF का मुख्यालय बिहटा में बनाया गया है। साथ ही कैडर्स को राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक की ट्रेनिंग दी जा रही है। सरकार की योजना है कि SDRF का विस्तार अनुमंडल स्तर तक किया जाए, ताकि आपात स्थितियों में त्वरित राहत पहुंचाई जा सके।