Patna News: पटना हाईकोर्ट, सिविल कोर्ट सहित कई अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, लॉ की पढ़ाई छोड़ बना 'वांटेड'

Patna News: पटना हाईकोर्ट-सिविल कोर्ट सहित कई राज्यों के कोर्टों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने मैसूर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बेरोजगार है और अपनी माँ के साथ रहता था।

अदालतों को उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार - फोटो : reporter

Patna News: राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी अनुसार पटना हाईकोर्ट, सिविल कोर्ट सहित कई अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है। आरोपी ने हाल के दिनों में पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की दर्जनों धमकी दे चुका था। पुलिस ने आरोपी को मैसूर से दबोचा है। 

धमकी देने वाला कुख्यात गिरफ्तार 

मिली जानकारी अनुसार पटना सिविल कोर्ट, हाईकोर्ट समेत बिहार-झारखंड की कई अदालतों, एयरपोर्ट, शैक्षणिक संस्थानों और ट्रेनों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले कुख्यात आरोपी श्रीनिवास लुईस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 47 वर्षीय आरोपी को दिल्ली साइबर पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर स्थित वृंदावन लेआउट से दबोचा।

धमकी देने के 1100 से अधिक मामले दर्ज 

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक लैपटॉप और कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट बरामद किए गए हैं। उसने दिल्ली हाईकोर्ट के एक जज को भी धमकी भरे ईमेल भेजे थे। श्रीनिवास पर पटना समेत पूरे बिहार में करीब 50 मामले दर्ज हैं, जबकि देशभर में ईमेल के जरिए धमकी देने के 1100 से अधिक केस दर्ज बताए जा रहे हैं।

जल्द पटना लाएगी पुलिस 

सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पटना पुलिस की टीम जल्द ही दिल्ली जाकर उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी। उसके खिलाफ धमकी देने, शांति भंग करने और आईटी एक्ट के तहत साइबर आतंकवाद से जुड़े मामले दर्ज किए गए हैं।

कौन है श्रीनिवास लुईस?

जांच में सामने आया है कि श्रीनिवास लुईस कानून (लॉ) का छात्र रहा है। लेकिन फाइनल ईयर की परीक्षा पास नहीं कर सका और पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। वह मैसूर में अपनी रिटायर्ड शिक्षक मां के साथ रहता था और फिलहाल बेरोजगार था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि वह न्यायिक व्यवस्था से नाराज था और अदालतों की कार्यप्रणाली से चिढ़ के कारण इस तरह की धमकियां देता था। उसका मकसद न्यायिक कार्यवाही में बाधा डालना और सिस्टम को परेशान करना बताया जा रहा है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट