Bihar News: नवादा के रोह बाजार में चौथे दिन भी सन्नाटा, उपद्रव के बाद दुकानें बंद

Bihar News:स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, शनिवार शाम श्री रामनवमी शोभायात्रा के दौरान शरारती तत्वों द्वारा पथराव और आगजनी की घटना के बाद 50 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दुकानें बंद
नवादा में दुकानें बंद - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के नवादा के जिले के रोह प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार में शनिवार को हुए उपद्रव के बाद हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। मंगलवार को चौथे दिन भी बाजार में सन्नाटा पसरा रहा और ज्यादातर दुकानदारों ने अपनी दुकानें नहीं खोलीं। दुकानदारों में गिरफ्तारी या प्रशासनिक कार्रवाई का डर बना हुआ है।

ग्राहकों की कमी से बाजार सूना

सुबह 10:30 बजे तक अधिकांश दुकानें बंद रहीं। हालांकि, दवा, राशन, फल और मिठाई की करीब दर्जन भर दुकानें खुलीं, जिसे स्थिति सामान्य होने की दिशा में हल्का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। ग्रामीण इलाकों से खरीदारों के नहीं पहुंचने के कारण बाजार में रौनक नहीं दिखी। वहीं, पुलिस-प्रशासन की गाड़ियां लगातार गश्त करती रहीं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

उपद्रव के बाद बढ़ा डर

स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, शनिवार शाम श्री रामनवमी शोभायात्रा के दौरान शरारती तत्वों द्वारा पथराव और आगजनी की घटना के बाद 50 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस कार्रवाई के बाद दुकानदारों में यह डर है कि कहीं अज्ञात के आधार पर उन्हें भी गिरफ्तार न कर लिया जाए।

प्रशासन का आश्वासन

रोह थानाध्यक्ष राहुल अभिषेक ने बताया कि दोनों पक्षों से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी निर्दोष व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं होगी, जबकि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

नवादा से अमन की रिपोर्ट