बिहार के शहरी विकास में नया स्वर्णिम अध्याय शुरू, पटना मेट्रो की ऐतिहासिक शुरुआत पर मंगल पांडेय ने दी बधाई

मंगल पांडेय ने कहा कि पटना मेट्रो की शुरुआत बिहार के विकास और आधुनिक शहरी परिवहन की दिशा में एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक कदम है।

Patna Metro- फोटो : news4nation

Patna Metro : राजधानी पटना में गुरुवार से बहुप्रतीक्षित मेट्रो सेवा की शुरुआत होने पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने इसे बिहार में आधुनिक शहरी परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण आयाम बताया. प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएंदी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा नए मेट्रो स्टेशनों ’’मलाही पकड़ी’’ का उद्घाटन किए जाने और दोनों उपमुख्यमंत्रीगणों के साथ मेट्रो में सफर करने की ऐतिहासिक शुरुआत का उन्होंने स्वागत किया है। पांडेय ने देश के  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक आधारभूत संरचना के निर्माण को अभूतपूर्व गति मिली है। 


 उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो की शुरुआत बिहार के विकास और आधुनिक शहरी परिवहन की दिशा में एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी  द्वारा स्वयं टिकट लेकर, मैग्नेटिक गेट से प्रवेश कर मलाही पकड़ी से भूतनाथ तक का सफर तय करना यह दर्शाता है कि हमारी सरकार जनता की सहूलियत और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा प्रदान करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। पटना मेट्रो न केवल शहरवासियों को जाम से मुक्ति दिलाएगी, बल्कि उनके समय की बचत के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल और सुरक्षित सफर का एक बेहतरीन माध्यम बनेगी। यह आधुनिक बिहार के निर्माण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

पटना मेट्रो प्री-पेड स्मार्ट कार्ड की शुरूआत

दरअसल, मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी ने आज पटना मेट्रो रेल परियोजना प्रायोरिटी कॉरिडोर के अंतर्गत मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन करते हुए मेट्रो रेल सेवा के विस्तारीकरण का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मेट्रो सेवाओं को सुगम बनाने के लिये पटना मेट्रो प्री-पेड स्मार्ट कार्ड की शुरूआत की। प्री-पेड स्मार्ट कार्ड के जरिये यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने के लिये लाइन में लगने से छुटकारा मिलेगा और वे आसानी के साथ डिजिटल तरीके से यात्रा कर सकेंगे।

प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो प्री-पेड स्मार्ट कार्ड लेकर मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन से भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो रेल से सफर किया। इस दौरान राज्य के शहरी परिवहन क्षेत्र के लिये इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मलाही पकड़ी स्टेशन के शुरू होने से पूर्वी पटना के लाखों नागरिकों को तेज, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। मेट्रो सेवा के विस्तार से सड़क यातायात का दबाव कम होगा, यात्रा समय में कमी आएगी तथा प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।


उन्होंने कहा कि तेज गति से कार्य करते हुये निर्धारित समय-सीमा के अंदर पटना मेट्रो परियोजना को पूर्ण करना है। सरकार का लक्ष्य राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करना है, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों एवं व्यापारियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।