सेंट माइकल स्कूल के पूर्ववर्ती छात्र का अपहरण : स्कॉर्पियो से आए जूनियर छात्रों ने जबरन उठाकर बेरहमी से पीटा, पुलिस की दबिश पर छोड़कर हुए फरार

पटना के सेंट माइकल स्कूल के बाहर से उसी स्कूल के एक पूर्ववर्ती छात्र का अपहरण कर लिया गया। सबसे बड़ी बात यह है कि वारदात को अंजाम देने का आरोप इसी स्कूल के 10वीं कक्षा के वर्तमान छात्रों पर लगा है....

सेंट माइकल स्कूल के पूर्ववर्ती छात्र का अपहरण : स्कॉर्पियो स
सेंट माइकल स्कूल के पूर्ववर्ती छात्र का अपहरण- फोटो : अनिल कुमार

Patna :  राजधानी पटना के पॉश इलाके दीघा से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के प्रतिष्ठित सेंट माइकल स्कूल के बाहर से उसी स्कूल के एक पूर्ववर्ती छात्र का अपहरण कर लिया गया। वारदात को अंजाम देने का आरोप इसी स्कूल के 10वीं कक्षा के वर्तमान छात्रों पर लगा है। इस दुस्साहसिक घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।


काली स्कॉर्पियो से आए थे आरोपी, पुलिस के हरकत में आते ही हुए फरार

मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को जब पीड़ित पूर्ववर्ती छात्र अपना सर्टिफिकेट लेने स्कूल पहुंचा था, तभी स्कूल के बाहर एक काली स्कॉर्पियो कार आकर रुकी। कार सवार करीब चार छात्रों ने मिलकर उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया और उसका अपहरण कर लिया। अपहरण करने के बाद आरोपियों ने छात्र की बेरहमी से पिटाई भी की। घटना की भनक लगते ही पटना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और चारों तरफ नाकेबंदी शुरू कर दी। पुलिस को सक्रिय होता देख आरोपी छात्र पीड़ित को स्कूल के बाहर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए।


जूनियर और सीनियर छात्रों के बीच पुराना विवाद

लॉ एंड ऑर्डर एएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित पूर्ववर्ती छात्र और स्कूल के जूनियर छात्रों के बीच कुछ दिनों पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी आपसी रंजिश और विवाद के प्रतिशोध में इस वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित छात्र ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया है कि अज्ञात लोगों (जूनियर छात्रों) द्वारा उसका अपहरण कर उसकी पिटाई की गई है।


पुलिस ने जब्त की स्कॉर्पियो, स्कूल प्रशासन पर भी उठे सवाल

स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई काली स्कॉर्पियो कार को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। पुलिस गाड़ी के मालिक और उसमें सवार छात्रों की शिनाख्त करने में जुटी है। इस घटना ने स्कूल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। एएसपी ने बताया कि पुलिस जहां एक तरफ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मामले की गहन जांच कर रही है, वहीं दूसरी तरफ स्कूल प्रशासन की लापरवाही की भी जांच की जा रही है कि स्कूल के ठीक बाहर इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई।


अनिल की रिपोर्ट