Patna High Court में पसरा मातम, तीन अधिवक्ताओं के असामयिक निधन पर शोकसभा, अदालत का कामकाज हुआ स्थगित

पटना के प्रतिष्ठित न्यायिक परिसर पटना हाई कोर्ट के शताब्दी भवन मेंगमगीन माहौल के बीच एक विशेष शोकसभा आयोजित की गई।

तीन अधिवक्ताओं के असामयिक निधन पर शोकसभा- फोटो : reporter

Patna High Court: पटना के प्रतिष्ठित न्यायिक परिसर पटना हाई कोर्ट के शताब्दी भवन में सोमवार सुबह गमगीन माहौल के बीच एक विशेष शोकसभा आयोजित की गई। इस शोकसभा में वरिष्ठ अधिवक्ता अवध बिहारी ओझा, युवा अधिवक्ता ऋतविक ठाकुर और उनकी अधिवक्ता पत्नी वैष्णवी ठाकुर के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।

सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे शुरू हुई इस शोकसभा में अदालत परिसर का माहौल बेहद गंभीर और गमगीन नजर आया। न्यायपालिका और अधिवक्ता समुदाय के कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान संगम कुमार साहू ने अपने संबोधन में दिवंगत अधिवक्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि एक दुर्घटना में दो युवा अधिवक्ताओं की असमय मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और न्यायिक परिवार के लिए बड़ी क्षति है।

मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और उनके परिवारजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दे। उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता अवध बिहारी ओझा के निधन पर भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि विधि क्षेत्र में उनका योगदान और उनकी विद्वता लंबे समय तक याद की जाएगी।

शोकसभा के दौरान विभिन्न अधिवक्ता संघों के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता और ललित किशोर सहित कई विधि विशेषज्ञों ने अपने संबोधन में दिवंगत अधिवक्ताओं को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके असामयिक निधन को विधि जगत के लिए बड़ी क्षति बताया।

वरिष्ठ अधिवक्ता अवध बिहारी ओझा का निधन कुछ दिन पहले हुआ था, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता  के पुत्र अधिवक्ता ऋतविक ठाकुर और उनकी पत्नी अधिवक्ता वैष्णवी ठाकुर की हाल ही में एक दर्दनाक ट्रक हादसे में मौत हो गई। दोनों युवा अधिवक्ताओं का अंतिम संस्कार पटना के गुलाबी घाट पर किया गया।

इस दुखद घटना से पूरा अधिवक्ता समुदाय स्तब्ध है। शोकसभा के समापन के बाद न्यायालय का पूरा अदालती कामकाज स्थगित कर दिया गया।

इधर, इस त्रासदी की खबर सुनकर अधिवक्ता समुदाय और शुभचिंतकों का तांता वरिष्ठ अधिवक्ता अजय ठाकुर के घर पर लगा रहा। लोग वहां पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और इस असहनीय दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं प्रकट कर रहे हैं।