Bihar Politics: गांधी मैदान के लिए निकले नीतीश कुमार,गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे होटल मौर्या, , 25 साल में 10वीं बार लेंगे CM की शपथ, गांधी मैदान में सियासी जलसा
Bihar Politics: नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर सत्ता के नए दौर की इबारत लिखने जा रहे हैं।...
Bihar Politics: बिहार की सियासत आज एक बार फिर ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ी है। नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर सत्ता के नए दौर की इबारत लिखने जा रहे हैं। पटना का गांधी मैदान इस वक्त एक सियासी मरकज में बदल चुका है, जहां तैयारियों का रुआब और सुरक्षा का इंतज़ाम किसी बड़े हुकूमती जलसे जैसा दिखाई दे रहा है। खुद नीतीश कुमार भी सीएम आवास से निकलकर गांधी मैदान के लिए रवाना हो चुके हैं।शपथ ग्रहण करने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गृह मंत्री अमित शाह से मिलने होटल मौर्या पहुंचे हैं।होटल मोर्या से गृह मंत्री के साथ नीतीश कुमार गांधी मैदान शपथ ग्रहण करने साथ में जाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 11 राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के कई दिग्गज वज़ीर शरीक होंगे। पीएम मोदी सुबह 10:45 बजे हेलिकॉप्टर से सीधे गांधी मैदान पहुंचेंगे और 11 बजे से ताजपोशी का मुकम्मल आग़ाज़ हो जाएगा। सुरक्षा का पूरा दायरा SPG के हाथों में है, जिसकी वजह से पूरा इलाक़ा हाई-अलर्ट मोड पर है।
नीतीश सरकार के नए पावर-बैलेंस में दो डिप्टी सीएम—सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा—शपथ लेने वाले हैं। कुल 18 मंत्रियों का चेहरा लगभग फाइनल माना जा रहा है। इसमें जेडीयू के 7, बीजेपी के 8 और लोजपा (आर), रालोमो और हम से 1-1 चेहरे शामिल होंगे। सत्ता के इस नए ताने-बाने में सहयोगी दलों के बीच पॉलिटिकल केमेस्ट्री को लेकर भी तमाम तरह की सरगोशियाँ जारी हैं।
बीजेपी की तरफ़ से दो नाम सबसे ज़्यादा चर्चा में हैं दानापुर से बाहुबली को मात देकर विधायक बने रामकृपाल यादव और जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह। दोनों को मंत्री पद का फोन आ चुका है, यानी दोनों की एंट्री लगभग पक्की है।
उधर, जेडीयू की तरफ़ से उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश का मंत्री बनना तय माना जा रहा है।विधानसभा स्पीकर का अहम ओहदा भाजपा को मिला है और वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार को यह ज़िम्मेदारी सौंपे जाने पर मुहर लग चुकी है।गांधी मैदान में आज जो तस्वीर उभरने वाली है, वह बिहार की सियासत में नए दौर, नए नारे और नई नीयत का संकेत देने वाली मानी जा रही है।
रिपोर्ट- नरोत्तम सिंह