Nitish Cabinet Minister : पिछली सरकार के 19 मंत्रियों का पत्ता साफ, 12 नए चेहरों की एंट्री, नई सियासी तर्ज, नए चेहरे हाजिर
Nitish Cabinet Minister: मंत्रिमंडल की सियासी बिसात पर बड़ा फेरबदल दिखा। पिछले कार्यकाल के 19 मंत्रियों की छुट्टी कर दी गई, जबकि 12 नए चेहरे सीधे सत्ता के केंद्र में पहुंचे हैं।
Nitish Cabinet Minister: बिहार की सियासत में गुरुवार का दिन एक बार फिर ऐतिहासिक बन गया। राज्य में नई सरकार ने पूरी तरह आकार ले लिया है और पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक भव्य और रियासती माहौल के बीच राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। एनडीए की इस नई टीम में बीजेपी, जदयू, लोजपा (आर), हम और रालोमो कोटे से कुल 26 मंत्रियों को जगह मिली है।
इस बार मंत्रिमंडल की सियासी बिसात पर बड़ा फेरबदल दिखा। पिछले कार्यकाल के 19 मंत्रियों की छुट्टी कर दी गई, जबकि 12 नए चेहरे सीधे सत्ता के केंद्र में पहुंचे हैं। पत्ता कटने वालों की फेहरिस्त में पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी, पंचायती राज मंत्री केदार गुप्ता, और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्रा के पुत्र नीतीश मिश्रा के नाम सबसे प्रमुख हैं। यह बदलाव साफ़ इशारा करता है कि एनडीए नेतृत्व इस बार पूरी दम-खम के साथ एक नई टीम और नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरना चाहता है।
गांधी मैदान में हुए शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और हज़ारों की संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे। नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री बनकर न सिर्फ़ रिकॉर्ड कायम किया, बल्कि यह भी दिखा दिया कि बिहार की सत्ता में उनकी पकड़ आज भी उतनी ही मज़बूत है। यह एनडीए की 8वीं सरकार है, और उसके मुखिया के रूप में नीतीश का अनुभव नए समीकरणों को स्थिरता देता है।
नीतीश ने संकेत दिया है कि मकर संक्रांति के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। कई बड़े नामों के लिए दरवाज़ा अब भी खुला है, लेकिन उन्हें इंतज़ार करना होगा। साफ़ है कि यह सरकार अनुभव और नए उत्साह का मिश्रण बनकर बिहार की सियासत में नई दिशा तय करने जा रही है।