CM पद छोड़ने के बाद भी नीतीश कुमार की सुरक्षा होगी और मजबूत, Z+ और SSG कवर का फैसला, VVIP प्रोटोकॉल रहेगा बरकरार

Nitish Kumar Security: नीतीश कुमार की सुरक्षा को लेकर केंद्र और राज्य सरकार ने सख्त और अहम कदम उठाया है।

नीतीश कुमार को Z+ सुरक्षा का कवच- फोटो : social Media

Nitish Kumar Security: बिहार की सियासत में एक बार फिर बड़ा फैसला सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री पद से हटने की अटकलों के बीच नीतीश कुमार की सुरक्षा को लेकर केंद्र और राज्य सरकार ने सख्त और अहम कदम उठाया है। सत्ता की कुर्सी भले छूटे, लेकिन उनका सुरक्षा घेरा और भी अभेद्य होने जा रहा है।

गृह मंत्रालय के स्तर पर हुए आकलन के बाद यह तय किया गया है कि नीतीश कुमार को अब Z+ (जेड प्लस) श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इतना ही नहीं, उन्हें पहले से मिल रही SSG (स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप) की सुरक्षा भी जारी रहेगी। यानी पद छोड़ने के बाद भी उनका प्रोटोकॉल किसी VVIP शख्सियत से कम नहीं होगा।

सूत्रों के मुताबिक, उनके लंबे राजनीतिक सफर, कड़े प्रशासनिक फैसलों और संभावित सुरक्षा खतरों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पुलिस महानिदेशक को भेजे गए पत्र में साफ कहा गया है कि बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट-2000 के तहत उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले हैं। उससे पहले वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि, आमतौर पर पद छोड़ने के बाद सुरक्षा में कटौती की जाती है, लेकिन इस मामले में अपवाद देखने को मिल रहा है।

सियासी गलियारों में इस फैसले को लेकर कई मायने निकाले जा रहे हैं। कुछ इसे उनके ऊंचे राजनीतिक कद और प्रभाव का प्रतीक मान रहे हैं, तो कुछ इसे आने वाले समय की संभावित सियासी हलचलों का संकेत बता रहे हैं।

Z+ सुरक्षा देश की सबसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं में गिनी जाती है, जो केवल उन्हीं नेताओं को दी जाती है, जिनकी जान को गंभीर खतरा होता है। इसमें NSG, CRPF, CISF जैसी एजेंसियां शामिल रहती हैं, जो चौबीसों घंटे सुरक्षा कवच प्रदान करती हैं।

अब यह साफ है कि भले ही नीतीश कुमार सत्ता की कुर्सी से उतरें, लेकिन उनकी सियासी हैसियत और सुरक्षा का दायरा पहले से कहीं ज्यादा मजबूत रहेगा। यह फैसला न केवल उनकी अहमियत को दर्शाता है, बल्कि बिहार की राजनीति में उनके प्रभाव की गूंज को भी बरकरार रखता है।